भारतीय खिलाड़ियों के चोटिल होने पर एडम गिलक्रिस्ट का बयान- 'पता लगाओ'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 16, 2021, 12:26 AM IST

Adam Gilchrist on Indian cricketers' injuries: टीम इंडिया के खिलाड़ी इस मौजूदा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार चोटिल हुए हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट ने भारतीय प्रबंधन को एक नसीहत दी है।

भारतीय खिलाड़ियों के चोटिल होने पर एडम गिलक्रिस्ट का बयान- 'पता लगाओ'
Photo Credit: Twitter

ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर इस बार टीम इंडिया का जो हाल हुआ है, वैसा कभी किसी विदेशी दौरे पर नहीं देखा गया। हम यहां मैदान पर उनके प्रदर्शन की नहीं बल्कि उनकी फिटनेस की बात कर रहे हैं। खिलाड़ी एक के बाद एक चोटिल होते जा रहे हैं और ये संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। इसको लेकर एडम गिलक्रिस्ट ने गंभीर सवाल उठाया है और नसीहत भी दी है।

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने कहा कि भारतीयों के जज्बे पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है लेकिन उसे इतने अधिक खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारणों का पता लगाना चाहिए जिससे चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दौरान उसे परेशानी में डाला। भारत के कई खिलाड़ी इस दौरे में चोटिल हुए और आलम यह था कि शुक्रवार से शुरू हुए चौथे टेस्ट मैच के लिये फिट एकादश उतारना मुश्किल हो गया था।

गिलक्रिस्ट ने फॉक्सस्पोर्ट्स से कहा, ‘‘उन्हें इस दौरे में जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा वह उल्लेखनीय है। उन्हें यह पता करना चाहिए कि इतने अधिक खिलाड़ी चोटिल क्यों हुए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें आस्ट्रेलियाई तेज आक्रमण के कारण चोटें नहीं लगी बल्कि मांसपेशियों में खिंचाव जैसी समस्याओं से जूझना पड़ा। उन्हें यह पता करना होगा कि ऐसा क्यों हुआ और ये उनके नियंत्रण में थी या नहीं।’’

भारतीय टीम को शुक्रवार को एक और झटका लगा जब तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। कई खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद भारत ने अभी तक श्रृंखला 1-1 से बराबर रखी है। गिलक्रिस्ट ने कहा, ‘‘लेकिन आप उनके जज्बे और कभी हार नहीं मानने की अदम्य इच्छाशक्ति पर सवाल नहीं उठा सकते हैं।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!