शहर

श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : CM Dhami

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर राज्य की खुशहाली की कामना की।

Image

हेमकुंड साहिब के लिए बनेगा 12.4 KM का रोपवे

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानी मंगलवार 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने समाज में फैली ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने मानव समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का रास्ता दिखाया। उनका संदेश था कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हर व्यक्ति को बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। इनमें परमात्मा का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका अर्जित करना और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि सिख परंपरा की 'सरबत दा भला' की भावना समाज के प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण की कामना करना सिखाती है। संगत और लंगर की परंपरा इसका उदाहरण है, जहां जाति, धर्म और वर्ग का भेद किए बिना सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।

हेमकुंड साहिब के लिए बनेगा 12.4 KM का रोपवे

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। श्री गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां राज्य में आज भी श्रद्धा के साथ संजोई जाती हैं। उन्होंने श्री हेमकुंड साहिब को विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों तक समाज का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सभी लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article