Hyderabad News: हैदराबाद के एसआर नगर थाना क्षेत्र में एक होटल के कमरे में महिला की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, निकिता नाम की महिला 21 सितंबर की दोपहर अपने लिव इन पार्टनर रवि तेजा के साथ होटल में ठहरी थी। कुछ समय बाद निकिता के शरीर पर चोट के निशान पाए गए और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
लिव इन पार्टनर के साथ रहती थी निकिता
एसआर नगर पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को प्रसाद राव नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके दोस्त की बेटी निकिता हैदराबाद में अपने लिव इन पार्टनर रवि तेजा के साथ रहती थी। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 21 सितंबर की दोपहर एक ओयो होटल में कमरा लिया था। कमरे के अंदर वास्तव में क्या हुआ, इसकी जांच शुरू की गई।
सिर और गर्दन के आसपास चोट के निशान मिले
पुलिस ने बताया कि निकिता की तबीयत बिगड़ने के बाद रवि तेजा उसे अपोलो अस्पताल लेकर गया था। महिला की मौत होने के बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए निकिता के परिजनों के बयान दर्ज किए। शुरुआती जांच में महिला के सिर और गर्दन के आसपास चोट के निशान मिले, जिसके आधार पर पुलिस को उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका हुई।
रिश्ते को लेकर दोनों के बीच विवाद
जांच के दौरान पुलिस की टीमें रवि तेजा की तलाश में जुट गईं। पुलिस के मुताबिक, उसे विशाखापट्टनम स्थित उसके घर से पकड़ा गया। बताया गया कि उसने कोई रसायन पी लिया था, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रवि तेजा को ट्रांजिट प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने रिश्ते को लेकर दोनों के बीच हुए विवाद के बाद निकिता के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
