शहर

वडोदरा के ज्वेलरी शोरूम में हाई-प्रोफाइल चोरी की कोशिश नाकाम, मुंह में छिपाए गए गहने बरामद होने से मचा हड़कंप

गुजरात के वडोदरा स्थित रेसकोर्स इलाके के एक ज्वेलरी शोरूम में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ग्राहक बनकर लाखों रुपये के गहने चुराने का प्रयास कर रही थी। शोरूम कर्मचारियों की सतर्कता से उसकी संदिग्ध हरकतें पकड़ में आ गईं और पूछताछ के दौरान चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए गए।

Image

वडोदरा के ज्वेलरी शोरूम में चोरी की कोशिश

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Vadodara News: गुजरात के वडोदरा शहर के पॉश रेसकोर्स क्षेत्र स्थित एक प्रसिद्ध ज्वेलरी शोरूम में खरीदारी के बहाने पहुंची एक हाई-प्रोफाइल दिखने वाली महिला द्वारा लाखों रुपये के कीमती गहने चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि शोरूम कर्मचारियों की सतर्कता के कारण महिला की हरकत पकड़ में आ गई और उसे मौके पर ही रोक लिया गया। जानकारी के अनुसार, महिला ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुई और सोने व डायमंड के आभूषण देखने लगी। इसी दौरान उसने कर्मचारियों का ध्यान भटकाने की कोशिश की और कथित तौर पर एक गोल्ड-डायमंड ईयररिंग तथा एक फिंगर रिंग अपने मुंह में छिपा ली।

आभूषणों की चोरी की कोशिश नाकाम

कुछ देर बाद स्टाफ को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। गहनों की दोबारा गिनती करने पर कुछ सामान गायब मिला, जिसके बाद महिला से पूछताछ की गई। सख्ती बरतने पर महिला घबरा गई और उसके मुंह से कथित रूप से चोरी किए गए गहने बरामद हो गए। इस तरह लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला पहले भी अन्य बड़े ज्वेलरी शोरूमों को निशाना बना चुकी हो सकती है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

कान की बाली और अंगूठी चुराने का था प्लान

शोरूम मैनेजर ने बताया कि महिला ने सामान देखने के बहाने एक कान की बाली और अंगूठी चुराने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि स्टाफ की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरी घटना का खुलासा हो गया। उनके अनुसार, बरामद गहनों की कीमत वर्तमान बाजार दर के अनुसार करीब एक लाख रुपये है। घटना के दौरान पकड़े जाने पर महिला ने माफी भी मांगी। हालांकि शोरूम प्रबंधन ने उसके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसी कारण पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया। अकोटा पुलिस स्टेशन के पीआई डी.वी. बलदानिया ने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी और पुलिस ने महिला से पूछताछ भी की थी। लेकिन शोरूम संचालकों द्वारा शिकायत न देने और महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article