Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दारोगा की लापरवाही एक महिला की जान पर बन आई। हादसा उस दौरान हुआ जब एक महिला पासपोर्ट वेरीफिकेशन के लिए थाने गई थी। जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के थाना कोतवाली में आज एक दारोगा की लापरवाही से उसकी पिस्टल से चली गोली एक महिला के सिर में जा लगी। महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, महिला इशरत अपना पासपोर्ट वेरिफिकेशन कराने के लिए थाने आई थी तभी अचानक दारोगा मनोज शर्मा की सरकारी पिस्टल से गोली चल गई जो सीधे महिला के सिर के पीछे के हिस्से में जा लगी। मौके पर तमाम पुलिस अधिकारी पहुंच गए और मामले में दारोगा के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात की जा रही है। लापरवाह दारोगा मनोज शर्मा को निलंबित किया गया है।
महिला की हालत गंभीर
अलीगढ़ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि थाना कोतवाली में एक दुखद घटना हुई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार आज लगभग 2:50 के आसपास वहां के सीओ द्वारा एक सूचना दी गई कि थाने के सीसीटीएनएस कार्यालय में एक उपनिरीक्षक मनोज कुमार की सरकारी असले से फायर हुआ है और एक महिला जो वहां किसी कार्य से पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आई थी और पास में खड़ी थी उसके गोली लगी है उसको हेड इंजरी है। उसको घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है उसका इलाज चल रहा है।
गोली उसके सर के पीछे साइड की तरफ लगी है। डॉक्टर उसको देख रहे हैं और जो बेस्ट इलाज है मेडिकल कॉलेज में उसको दिया जा रहा है। फिलहाल तत्काल वहां पर सीओ वगैरा पहुंच गए हैं जो भी घर वाले तहरीर देते हैं उस पर वैधानिक कार्रवाई इसमें सुनिश्चित की जाएगी और जो भी यह लापरवाही दारोगा द्वारा हुई है उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही भी की जाएगी और यह आपराधिक श्रेणी में जाएगा। यह स्पष्ट नहीं है की गोली कैसे चली अज्ञात कारणों से यह गोली चली है थाना कार्यालय के अंदर, सिपाही जो आसपास खड़े थे हालांकि वह बच गए वह आहत नहीं हुए हैं लेकिन महिला जरूर आहत हुई है। दारोगा अभी फरार है, जिसकी तलाश थाना पुलिस कर रही हैं।
