शहर

पश्चिम बर्धमान में खदान का हिस्सा धंसने से हड़कंप, दो मजदूर बचाए गए, माइनिंग का काम बंद

पश्चिम बर्धमान में सिदुली कोलियरी में खदान का एक हिस्सा धंसने से टेंशन केबल टूट गए और पानी भरने लगा। इस दौरान दो मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया। मीथेन गैस की गंध के बाद खनन रोक दिया गया।

Image

पश्चिम बर्धमान में खदान धंसने से हड़कंप, टेंशन केबल टूटे

Photo : Times Now Digital

West Bengal News: पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल में स्थित सिदुली कोलियरी में खदान का एक हिस्सा अचानक धंसने की घटना सामने आई है। इस हादसे के बाद खदान में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि समय रहते दो मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद खदान में कामकाज रोक दिया गया है।

खदान के अंदर भरने लगा पानी

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को कोलियरी का एक हिस्सा अचानक धंसने लगा। इसके बाद टेंशन केबल टूट गए और खदान के अंदर पानी भरने लगा। इसी दौरान मीथेन गैस की गंध महसूस होने से मजदूरों और आसपास के इलाकों में तेजी से घबराहट फैल गई। घटना के दौरान खदान के भीतर जमीन के नीचे काम कर रहे दो मजदूरों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

खदान में कामकाज ठप

खदान नंबर 2 में पानी भरने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल कामकाज को पूरी तरह रोक दिया गया है। स्थिति को देखते हुए आसपास की कोलियरियों में भी कोयला निकालने का काम एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है।

मजदूरों ने अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप

मजदूरों का आरोप है कि खदान में पैदा हुई इस खतरनाक स्थिति के पीछे अधिकारियों की लापरवाही है। वहीं दूसरी ओर खदान अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति स्थिर व नियंत्रण में है और भूमिगत हिस्से में मौजूद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

खदान में करीब 300 मजदूर करते हैं काम

सिदुली कोलियरी में करीब 300 मजदूर काम करते हैं। यहां रोजाना लगभग 209 टन कोयले का उत्पादन होता है। इस घटना के बाद अब ECL की एक विशेष सुरक्षा टीम खदान का निरीक्षण करेगी, जिसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि खदान में दोबारा कोयला उत्पादन का काम कब और कैसे शुरू किया जा सकता है। फिलहाल खदान में खनन गतिविधियां बंद हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article