शहर

Wazirpur News: दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद, बीच बाजार युवकों से मारपीट और अपहरण

Wazirpur Delhi News: दिल्ली के वजीरपुर रेड लाइट पर दो युवकों से मारपीट कर उन्हें जबरन गाड़ियों में ले जाने का मामला सामने आया है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

Wazirpur Delhi News: राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। इस बात की पुष्टि वजीरपुर रेड लाइट से पास से आई एक तस्वीर भी करती है। यहां व्यस्त सड़क पर कुछ बदमाशों ने दो युवकों के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन गाड़ियों में बैठाकर ले गए। यह पूरी वारदात यहां लगे CCTV में कैद हो गई। CCTV Footage में साफ तौर पर बदमाश, युवकों को घेरते और जबरन अपने साथ ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो और थार जैसी गाड़ियों में सवार होकर आए कुछ युवकों ने वजीरपुर रेड लाइट के पास दो लड़कों को घेर लिया। आरोप है कि पहले उनके साथ सड़क पर ही मारपीट की गई और उसके बाद दोनों युवकों को जबरन गाड़ी में बैठाकर वहां से ले जाया गया। बताया जा रहा है कि पीड़ितों में से एक युवक दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल का बेटा है। आरोप है कि जब उसका दोस्त उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा तो बदमाशों ने उसे भी पकड़ लिया और दोनों को अपनी गाड़ी में डालकर ले गए।

चलती गाड़ी में पिस्तौल के बल पर मारपीट का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि गाड़ी में ले जाने के बाद चलती गाड़ी में भी पिस्तौल दिखाकर उनके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने दोनों युवकों को बेरहमी से पीटा। मारपीट में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। परिवार के मुताबिक, एक युवक के चेहरे पर चोट लगने की वजह से उसकी आंख बुरी तरह से सूज गई है। इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को मॉडल टाऊन इलाके के विनायक अस्पताल के पास सड़क पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।

मामला DUSU चुनाव की रंजिश से जुड़ा होने का दावा

पीड़ित परिवार की तरफ से इस वारदात को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ यानी DUSU चुनाव से जुड़ी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही इस दावे को लेकर पूरी तरह से तस्वीर साफ हो पाएगी। सामने आए CCTV फुटेज में सड़क पर युवकों को घेरने, उनके साथ मारपीट करने और फिर उन्हें जबरन गाड़ी में ले जाने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

CCTV Footage के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वारदात में कितने लोग शामिल थे, अपहरण की वजह क्या थी और इसका DUSU चुनाव से कोई संबंध है या नहीं।

कैमरे में कैद हुई दबंगई से लेकर युवकों के साथ मारपीट और उन्हें जबरन गाड़ी में ले जाने तक की तस्वीरें इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बनाती हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी सामने लाती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article