शहर

Delhi: दिल्ली में नाबालिग के साथ होटल में दुष्कर्म, सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक होटल में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दोनों की से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

Image

वजीराबाद होटल में नाबालिग से दुष्कर्म (सांकेतिक फोटो)

Delhi Crime News: उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके के एक होटल में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की लड़की से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी और वह उसे होटल लेकर गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में परिवार की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार, नाबालिग और आरोपी दोनों वजीराबाद इलाके के ही रहने वाले हैं। लेकिन दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि युवक ने आपसी दोस्ती का बहाना देकर नाबालिग को वजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

घर पहुंचकर परिवार को बताई घटना

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद नाबालिग डरी-सहमी हुई किसी तरह अपने घर वापस पहुंची। उसने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल टेस्ट कराया और उसका बयान दर्ज किया। नाबालिग के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर वजीराबाद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

होटल के रिकॉर्ड और CCTV की जांच

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस उसकी तलाश के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस पूरे मामले में पुलिस इस बात की भी बारीकी से जांच कर रही है कि आखिर एक नाबालिग लड़की को नियमों को ताक पर रखकर होटल के अंदर प्रवेश कैसे दिया गया। इसके लिए होटल के एंट्री रजिस्टर, CCTV फुटेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article