शहर

VIDEO: चीनी बना दूल्हा, प्याज बनी दुल्हन... ढोल-नगाड़ों के साथ निकली अनोखी बारात, 'शादी' देख चकराया लोगों का दिमाग!

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में बढ़ती महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने एक अनूठा और रचनात्मक विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर चीनी को दूल्हा और प्याज को दुल्हन बनाकर उनकी गाजे-बाजे के साथ बारात निकाली।

देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का एक बेहद अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार का ध्यान खींचने के लिए चीनी को दूल्हा और प्याज को दुल्हन बनाकर उनकी पूरी रीति-रिवाज से बारात निकाली। सोनभद्र की सड़कों पर जब ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ यह अनोखी बारात निकली, तो वहां से गुजरने वाला हर कोई इसे देखने के लिए ठहर गया।

इस अनूठे प्रदर्शन की अगुवाई समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद यादव कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि साल 2014 से लगातार महंगाई पर काबू पाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। आज आलम यह है कि आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह चरमरा गया है। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए रोजाना इस्तेमाल होने वाली बुनियादी चीजें खरीदना भी मुश्किल होता जा रहा है।

आज गरीब की थाली से प्याज गायब-सपा

सपा नेताओं ने निशाना साधते हुए कहा कि आज गरीब की थाली से प्याज गायब हो चुका है और चाय में मिठास देने वाली चीनी भी आम जनता की पहुंच से दूर होती जा रही है। किसान, मजदूर और आम परिवारों की कमर टूट चुकी है। इसलिए सरकार को नींद से जगाने और जनता की वास्तविक पीड़ा का आईना दिखाने के लिए यह सांकेतिक बारात निकाली गई है।

चीनी और प्याज की बारात पूरे इलाके में बनी चर्चा का केंद्र

बाजारों से गुजरती इस बारात में स्थानीय लोगों ने भी रुचि दिखाई और माना कि रसोई का खर्च लगातार बढ़ने से गृहस्थी चलाना बहुत कठिन हो रहा है। सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की है कि आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों पर जल्द से जल्द नियंत्रण लगाया जाए। सोनभद्र में चीनी और प्याज की यह बारात अब पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। देखना यह होगा कि इस अनोखे विरोध के बाद सरकार आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए क्या कदम उठाती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article