शहर

काशी से वडनगर तक गूंजा ‘सेवा’ का संकल्प, 500 बाइकर्स के साथ यात्रा का समापन; क्या बोले CM भूपेंद्र पटेल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर निकाली गई ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का गुजरात के वडनगर में समापन हुआ। 500 बाइकर्स ने 10 राज्यों में स्वच्छता, वृक्षारोपण और नशामुक्ति जैसे अभियान चलाए। समारोह में भूपेंद्र पटेल, शिवराज सिंह चौहान और सुवेंदु अधिकारी समेत कई नेता शामिल हुए।

Image

'सेवा का संकल्प' कार्यक्रम के दौरान सीएम भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

गांधीनगर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निकाली गई ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का बुधवार को गुजरात के वडनगर में समापन हुआ। समापन समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा समेत कई नेता मौजूद रहे।

समारोह में वाराणसी से वडनगर तक यात्रा में शामिल बाइकर्स और सेवा यात्रियों का स्वागत किया गया। इस दौरान नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े कार्यों की चर्चा की।

'विकसित भारत' के लिए युवा शक्ति आगे रहेगी

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा की शुरुआत की थी। उनके मुताबिक, 25 वर्षों की यह यात्रा सुशासन और जनसेवा से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, मध्यम वर्ग और युवाओं के कल्याण के साथ लोगों को देश के विकास में भागीदार बनने का विश्वास दिया।

पटेल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गुजरात की युवा शक्ति ‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने वाइब्रेंट गुजरात समिट, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, बुलेट ट्रेन, गिफ्ट सिटी और सेमीकंडक्टर हब जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

शिवराज बोले- भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने लगातार देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए काम किया है।

चौहान ने स्वामी विवेकानंद के भारत के विश्वगुरु बनने की भविष्यवाणी का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं की ओर से किए गए स्वच्छता अभियान और पौधरोपण जैसे कार्यों की भी सराहना की।

सुवेंदु अधिकारी ने बताया सामाजिक समरसता का संदेश

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वाराणसी से वडनगर तक की यात्रा ने देश की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के जरिए किसानों, ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दों को भी लोगों तक पहुंचाया गया।

इस यात्रा में करीब 500 बाइकर्स ने 10 राज्यों के कई गांवों और शहरों का दौरा किया। इस दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, नशामुक्ति और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा के दौरान वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब का जल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचाया गया, जबकि वाराणसी से लाए गए पवित्र जल से वडनगर के हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया। समापन समारोह में गुजरात सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, बाइकर्स और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article