Bhu Convocation: दिल में जज्बा और लगन हो तो हर राह आसान हो जाती है। हर मंजिल हासिल हो जाती है। इसे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्र अभिषेक यादव ने चरितार्थ किया है। अभिषेक ने बीएचयू में प्राचीन इतिहास विषय में एमए में सबसे अधिक अंक हासिल किए हैं। वह विश्वविद्यालय के टॉपर बना हैं। 10 दिसंबर को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अभिषेक को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
अभिषेक गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धनईपुर गांव के रहने वाले हैं। वह अपनी पढ़ाई के साथ परिवार के भरण-पोषण के लिए स्विगी एवं जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय की नौकरी करते हैं। उनके पिता सुशील कुमार यादव छोटे किसान हैं। खेती से पूरे परिवार का भरण-पोषण काफी मुश्किल हो गया था।
