लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक सेगमेंट में जहां पहले ग्राहकों के पास मुख्य रूप से कुछ ही विकल्प थे, वहीं अब जल्द नए विकल्प पेश होने जा रहे हैं। Toyota Kirloskar Motor और Mahindra & Mahindra भारत में दो नए दमदार लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। इनमें न्यू जेनरेशन Toyota Hilux और Mahindra Vision SXT शामिल हैं। ये दोनों मॉडल शानदार डिजाइन, आधुनिक फीचर्स और बेहतरीन ऑफ-रोड क्षमता के साथ आने की उम्मीद है। आइए जल्दी से इन दो अपकमिंग पिकअप ट्रक को लेकर डिटेल्स चेक कर लेते हैं-
नई जनरेशन Toyota Hilux
नई Toyota Hilux भारत में 28 जुलाई 2026 को लॉन्च होने वाली है। यह पिकअप ट्रक बॉडी-ऑन-फ्रेम IMV प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसके एक्सटीरियर में हनीकॉम्ब सेंटर ग्रिल, स्लीक LED हेडलैंप, फ्रंट पर ब्लैक प्लास्टिक ट्रिम के साथ 'TOYOTA' की बड़ी बैजिंग और सिल्वर स्किड प्लेट दी गई है। साइड प्रोफाइल में शार्क-फिन एंटीना, ब्लैक व्हील आर्च, ब्लैक अलॉय व्हील्स और केबिन के पीछे रोल बार इसे दमदार लुक देते हैं। वहीं, पीछे की तरफ वर्टिकली पोजिशन LED टेललैंप, टेलगेट पर TOYOTA बैज और बंपर में इंटीग्रेटेड स्टेप दिया गया है।
इंटीरियर की बात करें तो नई Hilux डबल कैब कॉन्फिगरेशन में आएगी। इसमें दो 12.3-इंच की स्क्रीन मिलेंगी, जिनमें एक Toyota Smart Connect के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरी डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले होगी, जिसमें चार अलग-अलग डिस्प्ले थीम मिलेंगी। इसके अलावा डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जिंग समेत कई मौजूदा फीचर्स भी बरकरार रहेंगे।
हालांकि कंपनी ने अभी इंजन की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन उम्मीद है कि इसमें मौजूदा 2.8-लीटर, 4-सिलेंडर डीजल इंजन मिलेगा, जो 204 bhp की पावर और 420 Nm (मैनुअल)/500 Nm (ऑटोमैटिक) टॉर्क जनरेट करेगा। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलने की संभावना है।
Mahindra Vision SXT
वहीं Mahindra Vision SXT की बात करें तो इसके कॉन्सेप्ट को पहली बार पिछले साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर Vision S, Vision T और Vision X कॉन्सेप्ट्स के साथ पेश किया गया था। यह Vision T कॉन्सेप्ट पर आधारित भविष्य की लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक की झलक पेश करता है। फिलहाल इसकी लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कंपनी ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन इसका प्रोडक्शन मॉडल 2027 के बाद बाजार में आने की उम्मीद है।
Mahindra Vision SXT को कंपनी के नए मॉड्यूलर NU IQ प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसे महिंद्रा के मुंबई और यूके डिजाइन स्टूडियो ने डिजाइन किया है, जबकि इसका विकास Mahindra Research Valley में किया गया है। इसके डिजाइन में पीछे की ओर बड़ा पिकअप बेड, स्लिम रेक्टेंगुलर टेलगेट, हैवी-ड्यूटी ऑफ-रोड बंपर, पीछे बंधे हुए स्पेयर टायर, चौड़े व्हील आर्च, ऑल-टेरेन टायर, C-पिलर पर रियर डोर हैंडल, रूफ कैरियर के लिए हुक पॉइंट, बोनट लैच और एक्सपोज्ड डोर हिंज जैसे ऑफ-रोडिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं।
