Varanasi News: शहर में गंगा नदी किनारे बसाई गई टेंट सिटी में शहर की प्रतिछाया दिखाई देगी। यहां पर्यटकों को सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक में बनारसी स्वाद परोसा जाएगा। सुबह से देर शाम तक बनारस घराने की संगीत गूंजेगी। टेंट सिटी के अंदर मांस और मदिरा पर पूरी तरह प्रतिबंध है।
अर्धचंद्राकार घाटों के सामने रेत के ऊपर बनारसी हस्तशिल्प भी पर्यटक देख सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को इस टेंट सिटी का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद इसमें पर्यटक आने शुरू हो जाएंगे। यह टेंट सिटी धर्म, अध्यात्म और संस्कृति के संगम के रूप में दिखाई देगी।
लाइव राग के साथ सुबह की होगी शुरुआत
टेंट सिटी के अंदर घंट-घड़ियालों की आवाज के साथ गंगा आरती आयोजित होगी। गंगा आरती की लाइव राग के साथ सुबह की शुरुआत होगी। बनारस घराने के करीब सभी वाद्य यंत्रों की मधुर धुन पर्यटक सुन पाएंगे। इनमें विशेष रूप से शहनाई, सारंगी, सितार, संतूर की धुन और तबले की थाप सुनने को मिलेगी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के टेंट सिटी में सभी पर्यटकों की हर स्तर पर सुविधा का ख्याल रखा जाएगा।
जीआई उत्पादों और ओडीओपी को मिलेगा बाजार
टेंट सिटी के अंदर सूबे के जीआई और ओडीओपी उत्पादों सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों को एक नया बाजार मिल जाएगा। पर्यटकों को मलइयो, ठंडई, चाट, बनारसी पान दिया जाएगा। प्राकृतिक चीजों से बनाई गई टेंट सिटी में पर्यटक लग्जरी होटल की अनुभूति करेंगे।
अस्थाई चौकी भी बनाई गई
टेंट सिटी में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थाई चौकी बनाई गई है। मैदागिन से दशाश्वमेध तक इस नवगठित पर्यटक चौकी का कार्य क्षेत्र रहेगा। यह 24 घंटे काम करेगी।
पर्यटकों ने घूमा सारनाथ एवं अन्य जगह
डिब्रूगढ़ की यात्रा पर जाने वालों स्विस पर्यटकों के जत्थे ने गुरुवार को सारनाथ, भारत माता मंदिर और बीएचयू घूमा। बुधवार की देर शाम वाराणसी में गंगा आरती देखी। डिब्रूगढ़ की यात्रा पर गंगा विलास क्रूज से जाने वाले पर्यटकों को काशी घुमाया जा रहा है। इन लोगों ने रामनगर किले और दुर्गा मंदिर का भी भ्रमण किया है। पर्यटक गंगा आरती देखने से पहले रविदास घाट पर गए थे। यहां क्रूज पर विश्राम किया था।
