World’s longest River Cruise: दुनिया की सबसे लंबी नदी क्रूज गंगा विलास शुक्रवार को अपने सबसे लंबे सफर पर रवाना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा हरी झंडी दिखाकर इसे 3,200 लंबे सफर के लिए रवाना करेंगे। यह क्रूज 51 दिनों की यात्रा के दौरान भारत और बांग्लादेश 27 नदियों से होकर गुजरेगा। इसकी यात्रा वाराणसी से शुरू होकर बांग्लादेश के रास्ते असम के डिब्रूगढ़ पहुंच कर समाप्त होगी। इस दौरान इसमें सवार 32 यात्रियों को विश्व विरासत स्थलों सहित 50 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर भ्रमण का मौका मिलेगा। इस क्रूज को सफर पर भेजने की तैयारी पूरी हो चुकी है। उत्तर प्रदेश सरकार इसमें सवार यात्रियों को सम्मानित करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
नमामि गंगे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने गंगा विलास क्रूज के अंदर का दृश्य शेयर करते हुए लिखा, दुनिया की सबसे लंबी नदी क्रूज "गंगा विलास" हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और भारत की विविधता के सुंदर पहलुओं की खोज करने का एक अनूठा अवसर है। बता दें कि 5 स्टार होटल जैसी सभी लग्जरी सुविधाओं से युक्त इस रिवर क्रूज में अभी 32 विदेशी टूरिस्ट सफर पर जा रहे हैं। इस क्रूज का मुख्य ठहराव वाराणसी के अलावा पटना, कोलकाता, ढाका, गुवाहटी, डिब्रूगढ़ पर होगा। इस क्रूज के डिब्रूगढ़ पहुंचने की संभावित तिथि 1 मार्च 2023 बताई जा रही है।
