वाराणसी

Varanasi Flyover: वाराणसी शहर में बनेंगे फ्लाईओवर, जाम से निजात दिलाने को और भी होंगे कई उपाय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 13, 2023, 03:15 PM IST

Varanasi Flyover Construction: वाराणसी में जाम की समस्या का निदान करने के लिए प्रशासनिक महकमा लगा है। आए दिन बैठकें हो रहीं है, ताकि समीक्षा कर इस समस्या का निदान निकाला जा सके। अब अधिकारियों ने तय किया है शहर में फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो सके। अधिकारी ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए पदाधिकारियों से प्रस्ताव मांगा है। इसके अतिरिक्त कई सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा।

Image

वाराणसी में बनाए जाएंगे फ्लाईओवर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मंडल आयुक्त ने समीक्षा बैठक कर मांगा प्रस्ताव
  • चौड़ीकरण की जाने वाली सड़कें हुईं चिह्नित
  • फ्लाईओवर निर्माण के लिए अधिक जमीन नहीं की जाएगी अधिग्रहित

Varanasi News: वाराणसी की शहरी सड़कें अब चौड़ी की जाएंगी। इसके अतिरिक्त शहर में फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। ताकि लोगों को आवागमन में कोई असुविधा नहीं हो। शहर को जाम मुक्त बनाने की दिशा में यह प्रयास किया जा रहा है। मंडल आयुक्त ने शहर में नई सड़कों एवं पुलों के निर्माण को लेकर समीक्षा की है। इसके तहत भोजूबीर-टीएमसी मार्ग, अस्सी-गदौलिया मार्ग, पड़ाव-नमो घाट मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि मोहनसराय-चकिया मार्ग पर पौधरोपण, डिवाइडर, साइनेज, लाइट पोल के साथ जल निकासी की समस्या दूर कराई जाएगी। भेलूपुर-गुरुधाम-जल निगम मार्ग, पंचक्रोशी मार्ग, संपूर्णानंद विश्वविद्यालय मलदहिया-लोहामंडी मार्ग, रथयात्रा-कमच्छा फोरलेन मार्ग, रथयात्रा महमूरगंज मार्ग, अंधरापुर-मरिमाई-कमच्छा मार्ग को चौड़ा किया जाएगा।

सीवर पाइपलाइन के आधार पर होगा सर्वे

अधिकारियों ने तय किया है कि फ्लाईओवर के निर्माण से पहले सीवर पाइपलाइन के आधार पर सर्वे का काम किया जाएगा। फिर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी। रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग, मंडुवाडीह-मुढ़ला मार्ग, रिंग रोड-कस्तूरबा गांधी विद्यालय-सारनाथ, पहड़िया-बलुआ, बौलिया तिराहा-मोहनसराय के बीच मुख्य मार्ग, सुंदरपुर-रवींद्रपुरी-दुर्गकुंड मार्ग पर अस्सी नदी के साथ, फुलवरिया रोड से सराय मोहना तक वरुणा नदी से साथ-साथ फ्लाईओवर निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। इन फ्लाईओवर के लिए कम से कम भूमि अधिग्रहण करने के लिए कहा गया है।

इन जगहों पर दो लेन से अधिक का बन सकता है फ्लाईओवर

मंडल आयुक्त ने सेतु निर्माण निगम को असी नदी-सुंदरपुर मार्ग और वरुणा नदी के साथ प्रस्तावित दो लेन फ्लाईओवर की विस्तृत कार्ययोजना और प्रस्ताव बनाने का निर्देश जारी किया है। इधर, जाम की समस्या को देखते हुए शहर में अनावश्यक कट को बंद करा दिया गया है। इसके साथ ही सड़कों से अवैध खंभे, बैनर-पोस्टर एवं अन्य ऐसी चीजें हटा दी गईं, जिससे यातायात प्रभावित हो।

शहर के बाहर बनेगा बस स्टैंड

शहर के बाहर बस स्टैंड को भी शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए जमीन का चयन किया जा रहा है। शहर के अंदर स्टैंड होने से बसों के परिचालन से लंबा जाम लग जाता है। खासतौर पर सुबह स्कूल के समय और फिर शाम में जाम की समस्या होती है। ऐसा जाम लगता है कि कई बार लोगों को पैदल चलने तक की जगह नहीं मिलती। इस संबंध में कई बार लोगों ने अधिकारियों से शिकायत भी की है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article