वाराणसी

काशी विश्वनाथ धाम पर पहली बार हुई हेलीकॉप्टर से 'पुष्प वर्षा', शिवभक्त हुए निहाल- Video

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Jul 10, 2023, 09:27 PM IST

Flowers Showered on Kashi Vishwanath Mandir:आस्था के इस जनसैलाब को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर काशी विश्वनाथ धाम में सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता और कड़े इंतज़ाम किये गए हैं।

KEY HIGHLIGHTS
  • योगी सरकार ने काशी आने वाले शिवभक्तों के लिए बिछाया रेड कार्पेट, फूल बरसाकर कांवड़ियों का किया सम्मान
  • मार्कण्डेय महादेव और प्रयागराज-वाराणसी कांवड़िया मार्ग पर भी हेलीकॉप्टर से बरसाए गये फूल
  • सोमवार शाम 6 बजे तक 4,19,169 श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर में चढ़ाया जल

Kashi Vishwanath Mandir Varanasi Video: श्रावण माह के पहले सोमवार को नव्य-भव्य काशी विश्वनाथ मंदिर (Kashi Vishwanath Temple) में पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। योगी सरकार की ओर से शिव भक्तों के लिए रेड कॉर्पेट बिछाकर उनपर फूल बरसाए गए। इसके अलावा मार्कण्डेय महादेव और प्रयागराज वाराणसी कांवड़िया मार्ग पर भी शिवभक्तों के ऊपर सरकार ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। बाबा के दर्शन के लिए रविवार रात से ही भक्तों की लाइन लग गई थी। सोमवार को राजराजेश्वर काशी पुराधिपति भगवान विश्वेश्वर के दरबार में शीश नवाने के लिए दूर दूर से शिवभक्त काशी पहुंचे हैं। शाम 6 बजे तक 4 लाख से ज्यादा शिवभक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई है।

सोमवार को शिव की नगरी काशी कांवड़ियों के केसरिया रंग में रंगी दिखी। सावन के पहले सोमवार को काशी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब रविवार की देर रात से ही अटूट कतार की शक्ल में बनारस में दिखाई देने लगा था। भोर में मंगला आरती के बाद जैसे ही बाबा विश्वनाथ के मंदिर का कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुला, आस्थावानों के पांव बाबा के चौखट की ओर बढ़ चले।

Flowers Showered on Kashi Vishwanath Mandir

Flowers Showered on Kashi Vishwanath Mandir

शिवभक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ बाबा के दरबार में शीश नवाकर क्षीर-नीर का अर्पण किया। वहीं दोपहर 12 बजे के करीब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जब हेलीकॉप्टर से श्री काशी विश्वनाथ धाम, मार्कण्डेय महादेव और प्रयागराज-वाराणसी कांवड़िया मार्ग पर फूल बरसाए गए तो शिवभक्त निहाल हो उठे।

पूरी काशी हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठी

हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा के बाद पूरी काशी हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठी। सुबह ही परंपरागत रूप से सबसे पहले यादव बंधुओ ने चांदी के कलश में जल भरकर बाबा का जलाभिषेक करते हुए विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान यादव बंधुओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था की गई थी।

Flowers Showered on Kashi Vishwanath Mandir

Flowers Showered on Kashi Vishwanath Mandir

श्री काशी विश्वनाथ धाम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष 2022 में सावन के पहले सोमवार को रिकॉर्ड 5,76,573 दर्शनार्थियों ने दर्शन किया था। इस वर्ष सावन के पहले सोमवार को शाम 6 बजे तक 4,19,169 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे।

सावन के पहले सोमवार को तकरीबन 6 लाख श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं

अनुमान लगाया जा रहा है कि सावन के पहले सोमवार को तकरीबन 6 लाख श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं। जो धाम बनाने के बाद का अबतक का कीर्तिमान होगा। मंदिर के चारों द्वार पर लगे हेड स्कैन मशीन के जरिए श्रद्धालुओं की गिनती की जाती है। मंदिर प्रशासन की ओर से देर रात आंकड़े जारी किये जाएंगे।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article