Varanasi Covid New Guidelines & Rules in Hindi: अब वाराणसी में ईएसआईसी अस्पताल, स्वामी विवेकानंद अस्पताल, अनुमंडल के अस्पतालों और दुर्गाकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर भी कोरोना जांच की जाएगी। इससे पहले जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल और शास्त्री अस्पताल रामनगर में ही कोरोना जांच की जा रही थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि, अब मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा, दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर, जिला महिला अस्पताल, स्वामी विवेकानंद राजकीय अस्पताल भेलूपुर, ईएसआईसी अस्पताल पांडेयपुर और शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गाकुंड में हर दिन कोरोना जांच की जाएगी।
जल्द बस स्टैंड पर भी शुरू होगी कोरोना जांच
सीएमओ का कहना है कि जिले में कोरोना संक्रमण की पहली लहर, दूसरी लहर और तीसरी लहर को देखते हुए बहुत जल्द सभी बस स्टैंड पर कोरोना जांच शुरू की जाएगी। फिलहाल रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए सूचना प्रसारित करवाई जा रही है। ताकि लोग जागरूक होकर कोरोना जांच कराएं। इसके अलावा मास्क पहनकर घर या प्रतिष्ठान से बाहर निकलें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।भीड़भाड़ वाले इलाकों में सैनिटाइजेशन शुरू
वाराणसी नगर निगम ने एक बार फिर से सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सैनिटाइजेशन करवाया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनपी सिंह का कहना है कि, सैनिटाइजेशन कार्य में पूरी मशीनरी लगा दी गई है। भीड़ वाले इलाके जैसे- मंदिर, गंगा घाट, प्रमुख चौराहों पर लगातार सैनिटाइजेशन करवाया जा रहा है जिससे संक्रमण का खतरा कम हो।टेस्टिंग और ट्रैकिंग पर जोर
वाराणसी स्वास्थ्य विभाग अब टेस्टिंग और ट्रैकिंग के मूलमंत्र पर फिर से काम शुरू कर रहा है। हर दिन अधिक से अधिक लोगों की कोरोना जांच करानी है। इसके साथ ही जो लोग बाहर से आ रहे हैं और उनमें कोई भी लक्षण है तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग उन लोगों को अपनी निगरानी में दवा का सेवन कराएगा। इसके लिए कई टीमें काम करेंगी, जो ट्रैकिंग का कार्य समय पर पूरा करेंगे। इतना ही नहीं आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि किसी भी इंसान में कोरोना का लक्षण दिखे तो उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जाकर कोरोना जांच करवाने के लिए प्रेरित करें।
