Vaishno Devi Yatra 2026: फाल्गुन का महीना विदा ले रहा है और चैत्र नवरात्र की दस्तक के साथ ही कटरा में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कमर कस ली है। लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल मीटिंग हुई, जिसमें यात्रा को लेकर कई कड़े और अहम फैसले लिए गए हैं।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर जोर
इस बार नवरात्रों में भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए श्राइन बोर्ड ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्रा मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे ट्रैक की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। सीईओ ने स्पष्ट किया है कि RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) से लैस यात्रा कार्ड हर श्रद्धालु के लिए अनिवार्य होंगे। बिना वैध कार्ड के किसी भी यात्री को बाणगंगा से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को पुराने मार्ग के बजाय वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
सुरक्षा का 'मल्टी-लेयर' घेरा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रियासी पुलिस और श्राइन बोर्ड ने मिलकर एक मल्टी-लेयर सिक्योरिटी ग्रिड तैयार किया है। SSP रियासी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम्स (QRTs) की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पूरे ट्रैक पर हाईटेक कम्युनिकेशन सिस्टम और CCTV कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।
फायर सेफ्टी और आपदा प्रबंधन
गर्मी के मौसम और भीड़ को देखते हुए पूरे ट्रैक का 'फायर सेफ्टी ऑडिट' कराने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन दल (Fire Brigade) को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। साथ ही, पिट्ठू, पालकी और पोनीवालों की भी सख्त जांच की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
ट्रैफिक और पार्किंग के लिए विशेष अभियान
कटरा आने वाले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या न हो, इसके लिए कटरा रेलवे स्टेशन और मुख्य शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ चिकित्सा सुविधाओं को भी अपग्रेड किया गया है।
