Uttarakhand Final Voter List: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। जिसके अनुसार, राज्य में अब लगभग 71.58 लाख मतदाता हैं। SIR प्रक्रिया शुरू होने के पहले राज्य की वोटर लिस्ट में 79.6 लाख मतदाता थे। इस तरह अंतिम मतदाता सूची में शुरुआत के मुकाबले 8.01 लाख मतदाता कम हुए हैं।हालांकि, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने दावा किया है कि राज्य में करीब 14 लाख वोटर घटे हैं। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि 1 जनवरी 2025 को राज्य में 85.19 लाख मतदाता थे, जो अब घटकर 71.58 लाख रह गए हैं।
उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के अनुसार, SIR की शुरुआत 8 जून को हुई थी। इसके बाद गणना फॉर्म बांटने और जमा करने की प्रक्रिया पूरी की गई। 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या करीब 71.33 लाख थी। निर्वाचन आयोग ने 14 जुलाई से 13 अगस्त तक मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया। इनका निपटारा 13 अगस्त से 28 सितंबर के बीच किया गया। इसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या 71.58 लाख है।
अंतिम मतदाता सूची में पुरुष और महिला वोटर
अंतिम मतदाता सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 37,37,701 पुरुष, महिला मतदाताओं की संख्या 34,21,036 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 212 है। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 और 80 वर्ष से अधिक उम्र के 1,22,892 मतदाता हैं। दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि 1,04,708 नाम हटाए गए।
छूटे मतदाताओं को फिर मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका
CEO कार्यालय के अनुसार, किसी भी कारण से अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पाने वाले पात्र लोग अभी भी अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन ECI-Net ऐप पर Form 6 भरा जा सकता है या बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के जरिए ऑफलाइन आवेदन करने का विकल्प है। इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। BLO को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के भी निर्देश दिए गए हैं। वे मौजूदा मतदाता सूची की तुलना SIR से पहले की सूची से करेंगे और ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनका नाम पुरानी सूची में था लेकिन अंतिम मतदाता सूची में नहीं है। BLO ऐसे मतदाताओं के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे और पात्र पाए जाने पर Form 6 भरकर नाम शामिल कराने में मदद करेंगे।
