शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (24 Jan 2026) UP Weather Today: यूपी में बदला मौसम का मिजाज; बारिश और ठंड का असर होगा तेज, 27 जनवरी तक राहत नहीं

उत्तर प्रदेश का मौसम (उत्तर प्रदेश में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24 Jan 2026: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है, जहां आज 24 जनवरी को राज्यभर में मिला-जुला मौसम देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं, जबकि पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। इसके प्रभाव से तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Image

यूपी का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (24 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में आज यानी 24 जनवरी को मौसम मिला-जुला रहने की उम्मीद है। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार हैं। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। पहले ही बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना जताई जा चुकी थी, और शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में इसका असर देखने को मिला।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ अभी और प्रभावी हो सकता है, जिससे प्रदेश के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में भी बारिश जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। बीते कुछ दिनों से पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज धूप निकलने के कारण दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही थी। लेकिन गुरुवार को दोबारा चली ठंडी पछुआ हवाओं ने रात के तापमान में गिरावट ला दी, जिसका असर शुक्रवार सुबह तक साफ दिखा। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जैसी स्थिति बनी। तेज हवाओं के कारण तापमान में फिर से कमी दर्ज की गई।

आंधी और बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया है कि फिलहाल सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ काफी शक्तिशाली है और इसका असर रविवार तक बने रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज और कल यानी रविवार को लखनऊ समेत आसपास के जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है। विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इस सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा।

राजधानी लखनऊ के तापमान का पूर्वानुमान

दिनअधिकतम तापमान (°)न्यूनतम तापमान (°)
शनिवार2514
रविवार2513
सोमवार2410
मंगलवार2513

27 जनवरी को होगा नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी

मौसम विशेषज्ञ डॉ. सीताराम मिश्रा का कहना है कि अयोध्या सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके असर से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। अगर तापमान की बात करें, तो अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद करीब दो दिन तक तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है, फिर धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी होगी। वहीं, 27 जनवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश से सटे मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article