Gangster Gurvinder Singh Afridi Deport: पंजाब पुलिस को गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने 10 महीने की लंबी अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद डोनी बल-प्रभ दासूवाल गैंग के सरगना गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से डिपोर्ट करवा लिया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह किसी भी अफ्रीकन देश से पंजाब पुलिस की पहली सफल डिपोर्टेशन है। अफरीदी पर 5 लाख रुपये का इनाम था और वह 30 से ज्यादा संगीन मामलों में वांटेड था। उसे दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर पंजाब लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
फर्जी पासपोर्ट बनवाकर भागा था गैंगस्टर अफरीदी
डीजीपी ने बताया कि अफरीदी 2025 में लखनऊ से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर देश से भाग गया था। इसके बाद वह यूएई पहुंचा। पंजाब पुलिस ने जानकारी सीबीआई से साझा की, जिसके बाद तुरंत रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। अप्रैल 2026 में वह केन्या भाग गया और नवंबर में इथियोपिया पहुंचा, जहां उसे ट्रैप करके पकड़ा गया। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि गैंगस्टर्स के लिए सीधा संदेश है - अगर अपराध करेंगे तो कहीं भी छिप नहीं पाओगे, पकड़े जाओगे। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि गैंगस्टर बनने का रास्ता छोड़ दें, यह रास्ता सिर्फ जेल या मौत की तरफ जाता है।
जनवरी 2026 में शुरू हुआ था गैंगस्टर ते वार
उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में ऑपरेशन गैंगस्टर ते वार शुरू किया गया था। इसके तहत अब तक 13 गैंगस्टर्स को डिपोर्ट करवाया गया है और 25 रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाए गए हैं। ऑपरेशन के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। 2022 अप्रैल के बाद से अब तक 3339 गिरफ्तारियां हुई हैं। इस साल 1293 मॉड्यूल बस्ट किए गए हैं। पुलिस ने 2500 से ज्यादा हथियार और 700 से ज्यादा गाड़ियां बरामद की हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- हत्या के 26 दिन बाद आखिरकार परविंदर झोटा को आखिरी विदाई
DGP ने युवाओं से की बड़ी अपील
डीजीपी ने एक बड़ी चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि गैंग्स सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। पाक इंटेलिजेंस ऑपरेटिव सीधे सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को रिक्रूट कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि ऐसे लोगों के झांसे में न आएं और अपने करियर पर ध्यान दें। पंजाब पुलिस की यह कार्रवाई गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
