शहर

'डेविल' का खेल खत्म! SSC GD समेत ऑनलाइन परीक्षाओं में सेंध लगाने वाला मास्टरमाइंड हैकर दिल्ली से गिरफ्तार, UP STF ने खोला राज

SSC GD Exam Hacking: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने ऑनलाइन परीक्षाओं में सेंध लगाने वाले शातिर साइबर हैकर अरुण कुमार उर्फ डेविल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रॉक्सी सर्वर के जरिए एसएससी जीडी समेत कई राज्यों की परीक्षाओं में नकल कराने वाले बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ था।

Image

ऑनलाइन परीक्षा धांधली के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़

Photo : Times Now Digital

SSC GD Exam Hacking: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं में हैकिंग और प्रॉक्सी सर्वर के जरिए सेंध लगाने वाले एक बेहद शातिर साइबर हैकर को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण कुमार उर्फ 'डेविल' के रूप में हुई है, जिसे दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी गौतमबुद्धनगर के नॉलेज पार्क थाने में दर्ज मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अरुण कुमार ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल कराने वाले एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था। उसने ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों के सर्वर की सोर्स फाइल को डिकोड (डिक्रिप्ट) करके हैकिंग के लिए जरूरी बदलाव किए थे। उसने ऐसा सिस्टम तैयार किया था जिससे क्लाइंट कंप्यूटरों को बाहरी प्रॉक्सी सर्वर से जोड़ा जा सके। अप्रैल-मई 2026 में आयोजित हुई एसएससी जीडी (SSC GD) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान भी उसने महत्वपूर्ण फाइलों को डिक्रिप्ट किया था।

एसटीएफ को भारी मात्रा में मिले आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

एसटीएफ को आरोपी के पास से भारी मात्रा में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। बरामद सामान में 12 खुले TFT स्क्रीन, 2 लैपटॉप, 11 रास्पबेरी पाई (Raspberry Pi) डिवाइस, 14 वीडियो कैप्चर डिवाइस, वीजीए (VGA) स्विच, यूएसबी एडाप्टर और ब्रॉडबैंड उपकरण शामिल हैं।

पुलिस की जांच के मुताबिक, इस हैकर का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों तक फैला हुआ था। वह साल 2024 में हुए सीतापुर नर्सिंग स्टाफ ऑफिसर ऑनलाइन परीक्षा धांधली मामले में भी वांछित था। फिलहाल एसटीएफ आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों और परीक्षा केंद्रों के संचालकों का पर्दाफाश किया जा सके।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article