शहर

Sant Kabir Nagar: भांजी से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की गला रेतकर हत्या; भड़के लोग, तीन जिलों की पुलिस तैनात

यूपी के संतकबीरनगर में भांजी से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की सरेराह गला रेतकर हत्या की वारदात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का महौल है, आरोपी के घर और गुमटी में भीड़ ने आग लगा दी। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

Image

घटना के बाद भीड़ का बवाल, तीन जिलों की पुलिस लगी

Photo : Times Now Digital

Sant Kabir Nagar Crime: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बभनी चौराहे पर एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चमरसन गांव के रहने वाले 30 वर्षीय आनंद पुत्र इंद्रेश कोल के रूप में हुई है। हत्या की वजह कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में मृतक की भांजी से हुई छेड़खानी का विरोध करना बताया जा रहा है।

इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपी के घर व एक दुकान में आग लगा दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तीन जिलों की भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

घात लगाकर हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, आनंद चेन्नई में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था और हाल ही में 6 मई को अपने साले की शादी में शामिल होने घर आया था। चश्मदीद और मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि गुरुवार रात आनंद बभनी चौराहे पर किसी को टाइल्स लगाने वाली मशीन देने आया था। मशीन देने के बाद जब वह बाजार से कुछ सामान खरीदकर घर लौट रहा था, तभी पास के गांव के रहने वाले आरोपी नासिर अली ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर आनंद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। नासिर ने सरेराह आनंद की गर्दन पर वार कर उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गए।

शादी समारोह में हुई छेड़खानी से जुड़ा है विवाद

परिजनों के अनुसार, 19 मई को आनंद के साले की शादी थी। इस शादी समारोह के दौरान मुख्य आरोपी नासिर अली, आनंद की भांजी से छेड़खानी कर रहा था। उस वक्त आनंद ने इसका कड़ा विरोध किया था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। नासिर इसी बात की रंजिश मन में पाले बैठा था और मौका मिलते ही उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। आनंद को 25 मई को वापस चेन्नई जाना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। मृतक अपने पीछे पत्नी मीना देवी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है।

एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बभनी चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया और आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर और एक बाइक और गुमटी को आग के हवाले कर दिया। मृतक की पत्नी मीना ने रोते हुए कहा, "हमको जान के बदले जान चाहिए और कुछ नहीं।" वहीं, ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि प्रशासन आरोपी का तुरंत एनकाउंटर करे और उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए।

तीन जिलों की फोर्स तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एडीजी अशोक मुथा जैन ने कहा कि यह एक बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। आनंद बाजार में सामान लेने रुके थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते गला रेतकर उनकी हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्टया शादी में हुआ विवाद सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article