CM Yogi Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (शुक्रवार) गोंडा के साथ-साथ अयोध्या के बेहद महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। राम मंदिर के चढ़ावे और दान में कथित गबन के आरोपों को लेकर गरमाई राजनीति और चल रही SIT जांच के बीच सीएम का यह दौरा बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। मुख्यमंत्री आज अयोध्या में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ-साथ कई स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। हालांकि, इस पूरे दौरे में सबसे ज्यादा चर्चा मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की अनुपस्थिति को लेकर हो रही है।
चंपत राय को सीएम के कार्यक्रम से क्यों रखा गया दूर?
अमूमन जब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या आते हैं, तो राम मंदिर परिसर में खुद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनकी अगवानी करते हैं। लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है जब चंपत राय सीएम के आधिकारिक कार्यक्रम में नजर नहीं आएंगे। दरअसल, जिला प्रशासन द्वारा मंदिर ट्रस्ट को भेजे गए आधिकारिक प्रोटोकॉल के पॉइंट नंबर 29 में स्पष्ट रूप से चंपत राय से दूरी बनाने का अनुरोध किया गया है। प्रोटोकॉल में चंपत राय से कहा गया है कि वे मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन की व्यवस्था के लिए अपने स्तर से किसी अन्य व्यक्ति को नामित करें। माना जा रहा है कि मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के आरोपों और जारी SIT जांच के बीच सरकार ने चंपत राय से दूरी बना ली है, ताकि मुख्यमंत्री की छवि पर कोई आंच न आए।
क्या है राम मंदिर चंदा विवाद और SIT जांच?
पिछले कुछ दिनों से अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे की रकम में हेराफेरी का मामला देश भर की सुर्खियों में है। विपक्ष और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे को लेकर सरकार और ट्रस्ट पर लगातार हमलावर हैं। विवाद बढ़ता देख उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो इस समय मंदिर परिसर में सघन जांच कर रही है।
सीएम योगी का आज का पूरा शेड्यूल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे। सुबह 10:35 बजे वे रुदौली विधानसभा पहुंचकर कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। दोपहर 12:25 बजे गोंडा पहुंचकर लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे। फिर 2:55 बजे अयोध्या के राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे और हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। 3:30 बजे ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर जाएंगे और शाम 5:10 बजे रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे।
10 करोड़ की लागत से बने 'रामायण वैक्स संग्रहालय' का उद्घाटन
मुख्यमंत्री के इस दौरे का एक और बड़ा आकर्षण रामायण वैक्स संग्रहालय (Ramayana Wax Museum) का उद्घाटन है। अयोध्या की कांशीराम कॉलोनी के पास लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से इस शानदार मोम के संग्रहालय को तैयार किया गया है। अयोध्या के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस संग्रहालय में रामायण काल की प्रमुख घटनाओं को सजीव रूप में दर्शाया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और संकटमोचन हनुमान सहित कई पौराणिक चरित्रों की मोम से बनी खूबसूरत मूर्तियां देख सकेंगे।
