UP News: यूपी के फिरोजाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath Firozabad Speech) ने क्षेत्र के विकास और कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि कभी त्योहारों पर भारतीय बाजारों में चीनी उत्पादों का कब्जा होता था, लेकिन आज फिरोजाबाद के ग्लास उद्योग ने अपनी नई तकनीक और नवाचार से चीन को पीछे छोड़ दिया है।
यहाँ के स्थानीय कारीगर अब भगवान राम, कृष्ण, शिव और गणपति की ऐसी सुंदर कांच की मूर्तियां बना रहे हैं कि आने वाले अतिथि उन्हें देखकर दंग रह जाते हैं। सनातन धर्म में विशेष महत्व रखने वाली फिरोजाबाद की चूड़ियों और यहाँ के उद्यमियों को डबल इंजन की सरकार हर तरह का सहयोग देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे सीएम
विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में कभी विकास था ही नहीं। उनका काम केवल समाज को बांटना, गुंडागर्दी बढ़ाना और त्योहारों के उत्साह को उपद्रव में बदलना था। साल 2017 से पहले के हालातों की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि जहाँ आज की सरकार 'वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज' दे रही है, वहीं सपा सरकार 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' देती थी। हर जिले में एक बड़ा माफिया होता था जो गरीबों की जमीनों पर कब्जा करता था और व्यापारियों से रंगदारी वसूलता था।
'यूपी माफिया और दंगों से मुक्त हो चुका है'
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पूरी तरह माफिया और दंगों से मुक्त हो चुका है। अब राज्य में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा' का माहौल है। पहले की सरकारें रामनवमी, जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थीं। सपा, कांग्रेस और बसपा के लोगों को अंधेरे में रहने की आदत थी, क्योंकि अंधेरे में ही उनका गलत काम आसानी से चलता था। आज डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के हर घर तक बिजली और विकास पहुँचा रही है।
