शहर

क्या चिकित्सीय लापरवाही के चलते जागृति शुक्ला की हुई मौत? इलाहाबाद हाई कोर्ट ने न्यायिक जांच के दिए आदेश

Jagriti Shukla Death Case: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कथित चिकित्सीय लापरवाही के कारण युवा अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत के मामले में सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुण टंडन से न्यायिक जांच कराने का बुधवार को आदेश दिया।

Image

इलाहाबाद हाई कोर्ट (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Jagriti Shukla Death Case: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कथित चिकित्सीय लापरवाही के कारण युवा अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत के मामले में सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुण टंडन से न्यायिक जांच कराने का बुधवार को आदेश दिया। दो जनहित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय और न्यायमूर्ति स्वरूपमा चतुर्वेदी की पीठ ने याचिकाकर्ताओं तथा राज्य सरकार के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश पारित किया।

याचिकाकर्ता ने क्या है दलील?

याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि चिकित्सीय लापरवाही के कारण महिला अधिवक्ता की मृत्यु हुई। अदालत ने अधिवक्ताओं को सड़क जाम नहीं करने और चिकित्सकों को हड़ताल पर नहीं जाने का भी निर्देश दिया। अमित कुमार सिंह और ममता सिंह द्वारा दायर याचिकाएं उस महिला अधिवक्ता की मौत से संबंधित हैं, जो एक सड़क दुर्घटना में घायल हुई थीं। जागृति को 20 मई को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई रेफर किया गया था जहां आठ जून को उनकी मौत हो गई।

दोनों याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि जांच एजेंसी निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है और चिकित्सीय लापरवाही के आरोपों में घिरे चिकित्सकों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले नौ जून को अदालत ने राज्य सरकार के वकील को मामले की जांच की प्रगति से अवगत कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद सुनवाई के लिए बुधवार की तिथि निर्धारित की गई थी।

मामले में एक महिला अधिवक्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं, अधिवक्ता दुर्घटना के बाद जागृति को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लेकर गई थीं, जहां उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अधिवक्ताओं का आरोप है कि पीड़िता का समय पर उपचार नहीं किया गया और कनिष्ठ चिकित्सकों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया, जिससे अस्पताल परिसर में तनाव और हिंसा की स्थिति उत्पन्न हो गई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article