शहर

UP Weather Today: यूपी में आंधी-बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, आज 35 जिलों में अलर्ट जारी, अभी बिगड़ा रहेगा मौसम का मूड

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30 April 2026: यूपी में आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज भी 35 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

Image

आज यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट (AI Image)

यूपी में आज का मौसम (30 April 2026 Uttar Pradesh Weather Today): उत्तर प्रदेश के मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार को 30 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिला। लखनऊ समेत 10 से अधिक जिलों में ओले भी दर्ज किए गए। इस दौरान कई जगहों पर धूलभरी आंधी भी चली। एक ओर जहां बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। वहीं दूसरी ओर आंधी ने लोगों के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। कुछ कच्चे मकान भी आंधी की रफ्तार को सह नहीं पाए और ढह गए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा की छत ही उड़ गई। बारिशजनित हादसों में कई लोगों ने अपनी जान भी गंवा दी। आज भी यूपी के कई जिलों में धूल भरी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

यूपी में अगले 5 दिन आंधी-बारिश का दौर

मौसम विभाग ने आज प्रयागराज, आगरा, कानपुर, वाराणसी समेत यूपी के 35 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। 11 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। IMD के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) सक्रिय हो गया है। जिसके प्रभाव से बारिश का दौर जारी है। अगले 5 दिनों तक यूपी में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जिसके चलते लू और गर्मी से फिलहाल कुछ दिन राहत के आसार हैं। इस दौरान तापमान में भी 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने के आसार हैं। हालांकि दिन में धूप निकलने से उमस जैसे हालात बने रह सकते हैं।

किन जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट

प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, मैनपुरी, महोबा, झांसी और ललितपुर।

इन जिलों में आंधी का अलर्ट

प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के इलाके।

तीसरे दिन देश का सबसे गर्म जिला बांदा

बारिश के कारण गर्मी से तप रहे कई जिलों में राहत मिली है, हालांकि बांदा में अभी भी भीषण गर्मी परेशान कर रही है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन और अप्रैल में सातवें दिन बांदा देश का सबसे गर्म जिला दर्ज हुआ। यहां का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिसके बाद उरई में 43.8 डिग्री, झांसी में 42.4 डिग्री, फतेहगढ़ में 42.2 डिग्री और हमीरपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो गोरखपुर में 19.2 मिमी, वाराणसी में 9 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और अमेठी व आजमगढ़ में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं लखनऊ, प्रयागराज, उन्नाव, रायबरेली और उन्नाव समेत कई जिलों में ओले भी गिरे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article