वाराणसी : फूलपुर इलाके में मनीष सिंह नाम के एक कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जिस वक्त यह घटना हुई मनीष अपनी फैक्ट्री से वापस लौट रहे थे और इसी दौरान उनकी कार से एक महिला को चोट लग गई। इसी बात से नाखुश होकर गांव के ही मनबढ़ युवकों ने मनीष सिंह को पकड़ लिया और उन्हें कर से खींचकर मारने पीटने लगे। बताया यह जा रहा है कि युवकों के झुंड ने मनीष पर ताबड़तोड़ ईंट पत्थर से वार किया, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई।
आरोपियों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित
इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है। जिस बस्ती में मनीष की हत्या हुई, वहां के लोग अब फरार हो चुके हैं। सभी आरोपियों के घरों पर ताला लटक रहा है। इन सबके बीच घटना को अब राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। सवर्ण बनाम ओबीसी की राजनीति को हवा दी जा रही है। मनीष की मौत पर सवर्ण समाज से जुड़े तमाम संगठन लामबंद होने लगे हैं। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि फरार चल रहे पांच आरोपियों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही पीड़ित परिवार को 10 लख रुपये का मुआवजा दिया गया है।
परिवार के इकलौते सदस्य थे मनीष
मनीष अपने परिवार के इकलौते सदस्य थे। उनकी तीन संतान हैं और उनकी मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मनीष के हत्यारे फरार चल रहे हैं। मनीष के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के साथ ही मनीष की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में सिविल पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा पीएसी की एक टुकड़ी भी गांव में तैनात कर दी गई है ।
