शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (3 Apr 2026) UP Weather Today: चिलचिलाती धूप के बाद यूपी में अब आंधी-बारिश का अलर्ट, लुढ़केगा पारा; किसानों की बढ़ी चिंता

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 3 Apr 2026: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने बारिश की भविष्यवाणी की है। 3 और 4 अप्रैल को पश्चिमी यूपी सहित कई जिलों में तेज हवाओं और ओले गिरने की संभावना है। जानें कैसा रहेगा यूपी का मौसम

Image

यूपी में आज से फिर शुरू होगी बारिश

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (3 Apr 2026): उत्तर प्रदेश में कुदरत का मिजाज एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते पारे के बीच अब आसमान से 'आफत' बरसने की आशंका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार यानी आज शाम से ही मौसम का बदला हुआ रूप दिखाई देने लगेगा, जो आने वाले 48 घंटों तक जनजीवन को प्रभावित कर सकता है।

पश्चिमी यूपी में आज से शुरू होगा बदलाव (UP Weather Today)

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी संभाग में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत और आगरा जैसे करीब 20 जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, राजधानी लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को दिनभर कड़ी धूप रहेगी और मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन शाम होते-होते यहां भी बदलाव महसूस किया जा सकता है।

'ऑरेंज अलर्ट' और ओलावृष्टि की चेतावनी (IMD Rain Alert UP)

मौसम विभाग ने शनिवार, 4 अप्रैल को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के लगभग 50 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) भी हो सकती है, जिसे देखते हुए विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को फिलहाल पड़ रही भीषण गर्मी से खासी राहत मिलेगी।

बदलता मौसम और स्वास्थ्य चुनौतियां

मौसम के इस 'आंखमिचौली' वाले व्यवहार ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया और कड़ी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं अब अचानक होने वाली बारिश 'सर्द-गर्म' की स्थिति पैदा कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, तापमान में इस तरह के उतार-चढ़ाव से वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और गले के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। धूल भरी आंधी चलने से सांस के मरीजों और एलर्जी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि इस बदलते दौर में पर्याप्त पानी पिएं और खान-पान का विशेष ध्यान रखें।

किसानों और आम जनता के लिए सुझाव (IMD Alert Guidelines)

आने वाले दो दिनों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने को कहा गया है। पश्चिमी यूपी और ब्रज क्षेत्र के जिलों जैसे मथुरा, अलीगढ़ और हाथरस में तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जो खलिहानों में रखी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि आंधी-तूफान के दौरान ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article