JioStar में एक बार फिर छंटनी शुरू होने की खबर है। कंपनी अपने टीवी कारोबार में बढ़ते दबाव के चलते कर्मचारियों की संख्या कम करने की तैयारी कर रही है। इसकी बड़ी वजह पे-टीवी (पैसे देकर देखे जाने वाले टीवी चैनल) के ग्राहकों की घटती संख्या और टीवी विज्ञापनों से होने वाली कमाई में सुस्ती है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अपने टीवी कारोबार में बदलाव कर रही है और अब डिजिटल बिजनेस, खासकर JioHotstar पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस छंटनी में करीब 150 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। इनमें मार्केटिंग, प्रोडक्शन, स्टूडियो और ऑपरेशन जैसे विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। हालांकि, इस संख्या में आगे बढ़ोतरी भी हो सकती है।
कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि कुल कितने कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा। वहीं, द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार की छंटनी में JioStar के 10% से ज्यादा कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी में कुल 5,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।
कर्मचारियों को मिलेगा 6 महीने की सैलरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को कम से कम 6 महीने की सैलरी बतौर मुआवजा दी जाएगी। इसके अलावा चालू वित्त वर्ष के हिसाब से उन्हें बोनस भी मिलेगा। JioStar ने भी माना है कि कंपनी में कुछ कर्मचारियों पर इस फैसले का असर पड़ेगा। Inc42 को दिए बयान में कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, "हम अपने बिजनेस में बदलाव कर रहे हैं और उन क्षेत्रों में निवेश पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, जहां लंबे समय में बेहतर ग्रोथ की संभावना है। यह फैसला तेजी से बदलते बाजार में कंपनी को मजबूत बनाने के लिए लिया गया है।"
कंपनी ने यह भी कहा कि उसे पता है कि इस फैसले से कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। ऐसे में वह नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करेगी और उन्हें जरूरी मदद भी देगी।
टीवी कारोबार में कमाई का दबाव
JioStar के टीवी कारोबार के सामने कई चुनौतियां हैं। पे-टीवी देखने वाले ग्राहकों की संख्या घट रही है और टीवी विज्ञापनों से होने वाली कमाई की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। कंपनी के पास एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स के करीब 120 टीवी चैनल हैं। लेकिन टीवी कारोबार में कमाई का दबाव बढ़ने के बीच JioHotstar का बिजनेस बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, JioHotstar की विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन से होने वाली कमाई में बढ़ोतरी हुई है।
इसी वजह से कंपनी अब अपने टीवी चैनलों की संख्या कम करने पर भी विचार कर रही है। ऐसे चैनल बंद किए जा सकते हैं, जिन पर खर्च तो ज्यादा हो रहा है, लेकिन उनसे कंपनी को अच्छी कमाई नहीं हो रही। कंपनी चाहती है कि टीवी कारोबार पर होने वाले खर्च को कम करके डिजिटल बिजनेस में ज्यादा पैसा लगाया जाए।
टीवी रेटिंग बंद होने से भी बढ़ी परेशानी
टीवी चैनलों की रेटिंग लंबे समय से जारी नहीं होने के कारण भी ब्रॉडकास्टर्स को परेशानी हो रही है। Exchange4Media की रिपोर्ट के मुताबिक, टीवी की रेटिंग नहीं आने से कंपनियों को यह समझने में दिक्कत हो रही है कि कौन-सा चैनल कितना देखा जा रहा है।
इसका असर विज्ञापन देने वाली कंपनियों के साथ होने वाली बातचीत पर भी पड़ रहा है। चैनलों की सही दर्शक संख्या पता नहीं चलने से विज्ञापन की कीमत तय करना भी मुश्किल हो रहा है।
मर्जर के बाद दूसरी बड़ी छंटनी
नवंबर 2024 में Viacom18 और Disney के Star India का मर्जर हुआ था। इसके बाद JioStar कंपनी बनी। मर्जर के बाद से कंपनी में यह दूसरी बड़ी छंटनी है। द इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, 2025 में भी कंपनी ने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या कम की थी। उस दौरान 500 से ज्यादा कर्मचारियों ने कंपनी छोड़ी थी। वहीं, Inc42 की एक रिपोर्ट में यह संख्या 1,000 से ज्यादा बताई गई थी।
