शहर

DDA पार्कों की ऐसे करें Online Booking, 5000 में प्री-वेडिंग शूट, स्कूलों को 1 रुपये में मिलेगी बुकिंग

DDA ने दिल्ली के 17 पार्कों और एम्फीथिएटर की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। अब आपको अपने कार्यक्रम के लिए बुकिंग के वास्ते ऑफिस-ऑफिस चक्कर नहीं लगाने पडे़ंगे। स्कूलों को इस बुकिंग में स्पेशल छूट मिलेगी।

Image

दिल्ली के पार्कों की ऑनलाइन बुकिंग हुई आसान

DDA Park Booking: दिल्ली के किसी बड़े से पार्क में कार्यक्रम करवाना चाहते हैं? प्रीवेडिंग शूट करवाना चाहते हैं? फूड फेस्टिवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शन या योग शिविर करवाना चाहते हैं, लेकिन सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के खयाल से ही डर लगता है? अब और नहीं!दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने दिल्ली के 17 प्रमुख पार्कों और कुछ एम्फीथिएटर की बुकिंग के लिए नई नीति लागू की है। अच्छी बात ये है कि अब आपको इनकी बुकिंग के लिए ऑफिस-ऑफिस चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। साहित्य उत्सव और अन्य सामुदायिक गतिविधियों सहित ऊपर बताए गए तमाम तरह के कार्यक्रमों के लिए आप ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। खास बात यह है कि स्कूलों को शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों के लिए पार्कों की बुकिंग सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी। इन पार्कों में प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग फोटोशूट की भी अनुमति दी जाएगी।

DDA के मुताबिक, इसके लिए सिंगल विंडो ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है। इस पहल का मकसद दिल्ली के इन पार्कों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना और बुकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है। हालांकि, इन पार्कों में शादी-ब्याह, दावतों और राजनीतिक रैलियों के आयोजन की अनुमति नहीं होगी।

17 पार्कों में मिलेगी बुकिंग की सुविधा

नई नीति के शुरुआती चरण में बांसेरा पार्क(Baansera), असिता पार्क (ASITA Park), महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क, हौज खास पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क (रोहिणी), इंद्रप्रस्थ पार्क, आस्था कुंज और द्वारका के जिला पार्क सहित 17 प्रमुख पार्क शामिल किए गए हैं।

इसके अलावा संजय लेक, कोरोनेशन पार्क और वसंत उद्यान सहित कई स्थानों के एम्फीथिएटर भी आप बुक कर सकते हैं। आप इन सभी जगहों पर योग, मेडिटेशन, बुक क्लब या लिटररी डिस्कशन, बुक लॉन्च, थिएटर, कला प्रदर्शनी, फूड फेस्टिवल और हेरिटेज वॉक जैसे कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं।

तीन कैटेगरी में बांटे गए दिल्ली के पार्क

DDA ने पार्कों को कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की संख्या के आधार पर तीन कैटेगरी में बांटा है।

  • कैटेगरी A1: 200 लोगों तक के कार्यक्रम, जिनमें योग, ध्यान, लिटररी डिस्कशन, स्कूल पिकनिक और हेरिटेज वॉक शामिल हैं।
  • कैटेगरी A2: 200 से 500 लोगों तक के कार्यक्रम, जिनमें कॉन्सर्ट, थिएटर, पुस्तक और क्राफ्ट मेले शामिल हैं।
  • कैटेगरी A3: 500 से ज्यादा लोगों के कार्यक्रम, जिनमें फूड फेस्टिवल और बड़े DDA आयोजन शामिल होंगे।
  • एम्फीथिएटर और अन्य स्पेशल जगहों के लिए अलग से कैटेगरी B बनाई गई है।

स्कूलों को 1 रुपये में बुकिंग

नई नीति में स्कूलों को विशेष राहत दी गई है। सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र पहचान पत्र के साथ शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों के लिए पूरे दिन पार्क का इस्तेमाल निशुल्क कर सकते हैं। स्कूलों के लिए निर्धारित अन्य गतिविधियों पर भी 50 फीसद की छूट का प्रावधान है।

प्री-वेडिंग शूट के लिए शुल्क

अगर आप प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग फोटोशूट के लिए इन पार्कों को बुक करते हैं तो प्रतिदिन 5000 रुपये शुल्क तय किया गया है। सामाजिक जागरुकता से जुड़े शूट के लिए 10 हजार रुपये और कॉमर्शियल शूट के लिए एक लाख रुपये प्रतिदिन का शुल्क तय किया गया है।

ऑनलाइन बुकिंग कैसे करें?

अगर आप इन पार्कों और एम्फीथिएयरों को बुक करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको DDA की आधिकारिक वेबसाइट dda.gov.in पर जाना होगा। आप चाहें तो यहां क्लिक करके सीधे बुकिंग साइट पर जाकर उपलब्ध पार्कों और स्थानों की जानकारी ले सकते हैं। आवेदन के साथ कार्यक्रम का मकसद, मेहमानों की कुल संख्या, लेआउट और जरूरी दस्तावेज भी आपको देने होंगे।

अगर आप बुकिंग करते हैं और आपकी बुकिंग डेट से 30 दिन से पहले बुकिंग रद्द करने का आवेदन करते हैं तो 100 फीसद रिफंड का प्रावधान है। 21 से 30 दिन पहले बुकिंग रद्द करने पर 75 फीसद और 10 से 20 दिन पहले बुकिंग रद्द करवाने पर 50 फीसद रकम वापस मिलेगी। आयोजन से 10 दिन से कम समय पहले बुकिंग रद्द करने पर किसी तरह का रिफंड नहीं मिलेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article