शहर

'जातिवाद पर प्रहार और अखिलेश को जवाब'...सीएम योगी से मिलकर क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?

लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात के बाद बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जातिवाद बंद होना चाहिए। उन्होंने सनातनियों की एकता, अखिलेश यादव के बयान और मुंबई में 26/11 के शहीदों के लिए होने वाले आयोजन पर भी बात की।

Image

CM योगी से धीरेंद्र शास्त्री की मुलाकात

लखनऊ : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच मुख्यमंत्री आवास पर करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, दोनों के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन मुलाकात के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमारी मुलाकात हुई है। हम सनातन को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जातिवाद बंद होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश से जात-पात की विदाई होनी चाहिए और सभी हिंदुओं को एकजुट होना चाहिए। उनका कहना था कि कथा करने और दिव्य दरबार लगाने का उद्देश्य लोगों को जातियों से ऊपर उठाकर राष्ट्रवाद के प्रति प्रेरित करना है। मेरी कथाओं में जाति पर जाति मुक्त होती है। हम चाहते हैं कि सनातनी एक हों।

अखिलेश यादव के बयान पर भी दिया जवाब

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की उस टिप्पणी पर भी धीरेंद्र शास्त्री से सवाल किया गया, जिसमें उनके यहां कथा कराने वाले राजनीतिक लोगों की चुनावी हार का जिक्र किया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि वह किसी की जीत या हार के लिए कथा नहीं करते। हम राजनीति में जीत के लिए कथा नहीं करते। जिनको बालाजी का आशीर्वाद मिला, उनकी जय-जय हुई। सभी समाजों और पार्टियों के लोग हमारे यहां जुड़े हैं। जिन लोगों को बालाजी और जनता का आशीर्वाद मिला, वे विजयी हुए।

मुंबई में 26/11 के शहीदों के लिए होगा आयोजन

बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री ने अपने आगामी कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वह महाराष्ट्र के मुंबई में 26/11 आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और वीर जवानों की आत्मा की शांति के लिए 108 कुंडीय यज्ञ करेंगे। इसके साथ ही अंधेरी वेस्ट स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तीन दिवसीय कथा का आयोजन भी किया जाएगा।

कुंडा में रामकथा के दौरान दिया था भगवा झंडे का संदेश

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हाल ही में प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा को लेकर भी चर्चा में रहे थे। 19 नवंबर को कथा के दौरान उन्होंने हिंदुओं से अपने घरों के बाहर भगवा झंडा लगाने की अपील की थी। साथ ही लोगों को भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया था।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा था कि केवल सनातनी होने की बात कहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आचरण में भी इसकी झलक दिखनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने तिलक लगाने, रामायण की चौपाइयों का पाठ करने और भगवान राम के बताए रास्ते पर चलने की बात कही थी।

काशी-मथुरा का भी किया था जिक्र

कुंडा में आयोजित कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने काशी और मथुरा का भी उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ दूसरे समुदायों के घरों पर हरे रंग के झंडे दिखाई देते हैं, लेकिन हिंदू बहुल गांवों में भी भगवा ध्वज नजर नहीं आता। उन्होंने भगवा ध्वज को हनुमान जी की उपस्थिति से जोड़ते हुए इसे धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article