यूपी में आज का मौसम (28 June 2026): उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का वार लगातार जारी है। हालांकि कुछ जिलों में छिटपुट बारिश का सिलसिला भी जारी है। मौसम विभाग ने गाजियाबाद, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या समेत 61 जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं बलिया, वाराणसी, गोरखपुर समेत 20 शहरों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। यूपी में अभी तक मानसून की एंट्री नहीं हुई है। मौसम विभाग ने अगले 1-2 दिनों इसके आगमन की संभावना जताई है। जिसके बाद लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
यूपी में 28 जून को कैसा रहेगा मौसम
यूपी की राजधानी लखनऊ में आज सुबह बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा संभल और महराजगंज में भी बरसात हुई। साथ ही हल्की ठंडी हवाएं भी चली, जिसके कारण गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं आगरा, प्रयागराज, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। लेकिन बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। मौसम विभाग ने 30 जून या इसके बाद प्रदेश में मानसूनी बारिश की शुरुआत की संभावना जताई है। इस दौरान जिन जगहों पर बारिश नहीं होगी, वहां बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। बारिश होने से तापमान में भी 8-9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
यूपी में कब पहुंचगा मानसून
यूपी में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 20 जून को बीते हुए 8 दिन हो गए हैं। इसके बावजूद अब तक मानसून की प्रदेश में एंट्री नहीं हुई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगर पूर्वी हवाएं इसी तरह एक्टिव रहीं तो अगले 1-2 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वी यूपी के रास्ते प्रवेश कर सकता है। मानसून बीते 15-16 दिनों से महराजगंज के पास यूपी बॉर्डर पर रुका हुआ है। इस बार इसकी धीमी रफ्तार रहने के कारण यह करीब 9 से 10 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।
शनिवार देर रात यूपी में लखनऊ, कानपुर, फतेहपुर, बाराबंकी, उन्नाव समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। साथ ही तेज हवाएं चलने से मौसम भी सुहावना हो गया। इस दौरान कुछ जगहों पर आंधी भी चली। पिछले 24 घंटों के दौरान यूपी का सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा, जहां का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद फतेहपुर में 42.6 डिग्री और वाराणसी में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
