UP Ka Mausam : उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली है। मौसम विभाग ने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कई दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना व्यक्त की है। अगर आंधी-बारिश का क्रम जारी रहा तो लू की गतिविधियों पर धीरे-धीरे ब्रेक लगेगा।
यूपी में कहां कितनी बारिश
आईएमडी ने बताया कि सबसे अधिक 67.6 मिलीमीटर वर्षा कानपुर शहर में दर्ज की गई। कानपुर के बाद सीतापुर के भटपुरवाघाट में 44.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। कानपुर आईएएफ और कानपुर ऑब्जर्वेटरी में क्रमशः 42 मिलीमीटर और 38.4 मिलीमीटर बारिश हुई। फर्रुखाबाद के कायमगंज में 36.1 मिलीमीटर, फतेहगढ़ में 31.6 मिलीमीटर, सीतापुर के नैमिषारण्य (नीमसार) में 29 मिलीमीटर और कन्नौज के तिर्वा में 17 मिलीमीटर वर्षा शामिल है।
लखनऊ हवाई अड्डे पर 8.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सीतापुर में सात मिलीमीटर और मिश्रिख में छह मिलीमीटर वर्षा हुई। उन्नाव, हरदोई, बाराबंकी और लखनऊ जिलों के कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Kal Ka Mausam : अगले 24 घंटे रहेंगे भारी, 21 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी; ओले-बिजली से बरतें सावधानी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ललितपुर के मंडावरा में सर्वाधिक 48 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद मथुरा के गोवर्धन में 39 मिलीमीटर और आगरा में 37 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। एटा जिले के अलीगंज, एटा और जलेसर में 35-35 मिलीमीटर बारिश हुई।
आंकड़ों के अनुसार फिरोजाबाद के जसराना में 26.4 मिलीमीटर, हाथरस के सादाबाद में 24 मिलीमीटर, बदायूं में 23 मिलीमीटर और शिकोहाबाद में 22 मिलीमीटर बारिश हुई। अलीगढ़ में 20.6 मिलीमीटर तथा इटावा में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मैनपुरी, बुलंदशहर, कासगंज, संभल, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के जिलों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
यूपी का तापमान कितना है?
आईएमडी के अनुसार, लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में मौसम की स्थिति में बदलाव देखा गया। अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ में दिन के दौरान पांच मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने कहा कि लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राज्य के लिए जारी पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
