यूपी में आज का मौसम (02 May 2026 Uttar Pradesh Weather Today): उत्तर प्रदेश में मई माह की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हुई। पिछले 3 दिनों से जारी आंधी-बारिश के कारण यूपी में शुक्रवार को भी गर्मी से राहत बनी रही। कहीं-कहीं दिन में ठंडी हवाएं भी चलती रही, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार मई के पहले सप्ताह में राज्य में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसके बाद फिर से भीषण गर्मी और लू की वापसी हो जाएगी। मौसम विभाग के मई माह के ताजा अपडेट के अनुसार, यूपी के उत्तरी तराई इलाकों में इस बार लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं पूर्वी यूपी में लू के दिन सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
यूपी में 2 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पश्चिमी हिस्से में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस दौरान यहां तेज धूप निकलने और गर्मी पड़ने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। 2 मई को प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर और मिर्जापुर समेत कई जिलें में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। हालांकि आज बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते यूपी में 3 से 7 मई तक झमाझम बारिश और आंधी चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
यूपी में तापमान में भारी गिरावट
यूपी में पिछले 24 घंटों में कन्नौज में बारिश 54 मिमी, बलरामपुर में 52.6 मिमी, बरेली में 29 मिमी, खीरी में 51.8 मिमी और गोरखपुर में 23.8 मिमी दर्ज हुई। बीते तीन दिनों से जारी आंधी-बारिश के मौसम के चलते कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट आई है। शुक्रवार को गोरखपुर का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं बलिया में भी 27.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा, जो सामान्य से बहुत कम है। इस दौरान यूपी के करीब 15 जिलों में 30 से 32 डिग्री के बीच अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। सबसे गर्म जिला उरई 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ रहा और हरदोई में सबसे सर्द रात 17 डिग्री सेल्सियस के साथ दर्ज हुई।
