कानपुर : बारा देवी स्थित शर्मा मोटर्स के पीछे मोटरसाइकिल वाइजर के गोदाम में शुक्रवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड आग बुझाने का प्रयास कर रही है। लेकिन, आग की लपटें इतनी भयावह हैं कि काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया है। घटना थाना जूही के राखी मंडी क्षेत्र की बताई जा रही है। जूही स्थिति फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
बोरी गोदाम भी आया चपेट में
आग की लपटों ने फैक्ट्री के पास बनी एक झोपड़ी और बोरी गोदाम के पिछले हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में झोपड़ी में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जल गया, जबकि गोदाम में रखी बड़ी संख्या में बोरियां भी राख हो गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
किदवई नगर ब्लॉक निवासी प्रभात उर्फ सनी की जूही विनोबा नगर स्थित राखी मंडी में बाइक के प्लास्टिक पार्ट्स बनाने की फै्ट्री है। फैक्ट्री कर्मचारी राजू के मुताबिक, घटना के वक्त वह अपने सात साथियों के साथ भूतल पर काम कर रहा था, जबकि पहली मंजिल पर चार अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे फैक्ट्री की पहली मंजिल पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। कर्मचारी राजू के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी पास में रखे प्लास्टिक के सामान और थिनर पर गिर गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं।
पहली मंजिल पर मौजूद कर्मचारियों ने घबराकर शोर मचाया और तुरंत नीचे की ओर भागे। राजू ने बताया कि जब तक कर्मचारी स्थिति को समझ पाते, तब तक आग निचले हिस्से तक पहुंच चुकी थी। इसके बाद सभी कर्मचारी जान बचाकर बाहर की ओर दौड़े। कुछ ही देर में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
