शहर

यूपी के इन 5 जिलों में बन रहे आधुनिक स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर मिलेगी ट्रेनिंग; जानें कहां कितना हुआ काम

UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार 5 नए स्पोर्ट्स स्टेडियम बनवा रही है। जानते हैं गाजीपुर, हापुड़, संभल, शामली और चंदौली में आधुनिक खेल सुविधाओं वाले स्टेडियम में कितना काम पूरा हुआ है और कितना बाकी है।

Image

यूपी के पांच जिलों में बन रहे स्टेडियम

Photo : Times Now Digital

UP News: उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें वैश्विक मंच के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राज्य को जल्द ही 5 नए स्पोर्ट्स स्टेडियम मिलने जा रहे हैं। खेल विभाग के माध्यम से बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की इस पहल से खिलाड़ियों को अब अभ्यास के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इन 5 जिलों में तैयार हो रहे हैं स्टेडियम

प्रदेश के 71 जिलों में वर्तमान में 84 स्टेडियम पहले से ही संचालित हैं, लेकिन खेल सुविधाओं को और व्यापक बनाने के लिए पांच नए जिलों में निर्माण कार्य जारी है। ये जिले हैं, गाजीपुर, हापुड़, संभल, शामली और चंदौली। गाजीपुर में नए स्टेडियम (द्वितीय) का काम लगभग 99.9% पूरा हो चुका है। कुछ तकनीकी कमियों को दूर करने के बाद इसका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा। हापुड़ स्टेडियम का निर्माण करीब 70% पूरा हो चुका है। संभल में निर्माण कार्य की प्रगति 26% तक पहुंच गई है। वहीं शामली में भी स्टेडियम निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। चंदौली की बात करें तो यहां स्टेडियम के लिए फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

2025-26 के बजट और विजन का हिस्सा

गाजीपुर को छोड़कर बाकी चारों जनपदों (चंदौली, हापुड़, संभल और शामली) में स्टेडियम निर्माण को वर्ष 2025-26 में स्वीकृति मिली है। सरकार का लक्ष्य इन परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कर हैंडओवर करना है, ताकि क्षेत्रीय स्तर के खिलाड़ियों को जल्द से जल्द एक बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सके।

सिर्फ मैदान नहीं, मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं

योगी सरकार का ध्यान केवल ईंट-गारे के ढांचे पर नहीं, बल्कि आधुनिक संसाधनों के विकास पर भी है। खेल विभाग इन स्टेडियमों में मल्टीपर्पज हॉल और जिम तैयार कर रहा है ताकि इनडोर गेम्स और फिटनेस को बढ़ावा मिल सके। तैराकी की प्रतिभाओं को निखारने के लिए स्विमिंग पूल बनाए जा रहे हैं। बैडमिंटन, टेनिस और वॉलीबॉल के लिए आधुनिक सिंथेटिक कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं। वहीं हॉकी और फुटबॉल के मैदानों के साथ-साथ एथलेटिक्स के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले ट्रैक भी विकसित किए जा रहे हैं। यह पहल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण का माहौल देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

खिलाड़ियों को अपने ही जिले में मिलेगी ट्रेनिंग

यूपी के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश की खेल अवसंरचना को सशक्त बनाया जा रहा है। इन स्टेडियमों के तैयार होने से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपने ही जिले में आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे न केवल उनकी प्रतिभा में निखार आएगा, बल्कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article