Amroha Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली और खाकी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवती ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा, एक सिपाही, सीआरपीएफ (CRPF) के एक इंस्पेक्टर और एक जवान पर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई और चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता का आरोप है कि उसे धार्मिक स्थल के दर्शन कराने के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद आरोपी उसे उत्तराखंड स्थित एक विधायक के फार्म हाउस (गेस्ट हाउस) पर ले गए, जहां उसके साथ इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'डेविल' का खेल खत्म! SSC GD समेत ऑनलाइन परीक्षाओं में सेंध लगाने वाला मास्टरमाइंड हैकर दिल्ली से गिरफ्तार, UP STF ने खोला राज
मामले को लेकर SP लखन सिंह यादव क्या बोले?
मामले की जानकारी देते हुए अमरोहा के पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता द्वारा शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले युवती को सुरक्षित किया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि महिला अपने परिचित मोहित (CRPF कॉन्स्टेबल) और लालाराम (CRPF इंस्पेक्टर) के साथ अमरोहा आई थी। यह लोग यहां अपने मित्र संजय से मिलने पहुंचे थे, जहां प्रमोद नाम का व्यक्ति उन्हें गेस्ट हाउस में खाना देने आया था।
चारों आरोपियों को लिया में हिरासत
पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
कालका जी दुष्कर्म मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
बता दें दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में सामूहिक दुष्कर्म मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को हुई इस वारदात के बाद एक्शन में आई पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ को सुबह एनकाउंटर के बाद दबोचा, जिसके बाद फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों-हेमंत और मुकेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस दर्दनाक घटना ने राजधानी में महिला सुरक्षा की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
