शहर

26 साल बाद आया फैसला! एटा में आरोपी को कोर्ट ने ठहराया दोषी, मिली 15 दिन की सजा

एटा में 26 साल पुराने मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी के मामले में अदालत ने आरोपी बृजेश को दोषी करार दिया। कोर्ट ने उसे 15 दिन की कैद की सजा सुनाई है और 5,000 रुपये जुर्माना लगाया। यह फैसला यूपी पुलिस के 'ऑपरेशन कन्विक्शन' अभियान के तहत प्रभावी पैरवी के बाद आया।

Image

26 साल पुराने मारपीट केस में आरोपी दोषी, 15 दिन की सजा (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

UP News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने के 26 साल पुराने मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने आरोपी को 15 दिन की न्यायिक हिरासत की सजा सुनाई है, जो वह पहले ही काट चुका है। साथ ही उस पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

2000 में आरोपी पर इन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, यह मामला 9 अक्टूबर 2000 का है। उस समय कोतवाली नगर थाने में गोस्वामी नगर निवासी बृजेश के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 342 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 323 (मारपीट), 504 (जानबूझकर अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज की गई थी।

पुलिस ने 2001 में कोर्ट में दायर की चार्जशीट

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया गया था कि बृजेश ने उसके एक रिश्तेदार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने 13 जुलाई 2001 को आरोपी के खिलाफ कोर्ट में चार्जशी दाखिल की थी। इसके बाद मामला कई सालों तक अदालत में लंबित रहा।

'ऑपरेशन कन्विक्शन' अभियान के तहत एक्शन

पुलिस ने बताया कि इस केस की सुनवाई को 'ऑपरेशन कन्विक्शन' अभियान के तहत प्राथमिकता दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एलामारन जी की निगरानी में जिला मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन शाखा ने प्रभावी पैरवी की, जिसके आधार पर अदालत ने 45 वर्षीय आरोपी बृजेश को दोषी ठहराया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिल कुमार ने आरोपी को पहले से काटी गई 15 दिन की न्यायिक हिरासत की सजा सुनाई। साथ ही 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article