Unakoti Tripura History: भारत की धरती केवल एक भौगोलिक सीमा नहीं, बल्कि एक अनोखी चेतना और भावनात्मक एकता का प्रतीक है। यहां की हर मिट्टी, हर कण, किसी न किसी सांस्कृतिक, ऐतिहासिक या सामाजिक विरासत से गहराई से जुड़ा हुआ है, जो समय के साथ और भी अधिक प्रासंगिक और जीवंत होता चला जाता है। भारत का हर राज्य अपनी अनूठी पहचान और परंपराओं के साथ एक विशिष्ट सांस्कृतिक परत ओढ़े हुए है। इन्हीं में से एक है पूर्वोत्तर भारत, जो अपनी असाधारण प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जातीय विविधता, सांस्कृतिक परंपराओं, जैव विविधता और ऊर्जा संसाधनों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है। लेकिन पूर्वोत्तर भारत की पहचान केवल प्रकृति या संस्कृति तक सीमित नहीं है। यह भूमि अपने भीतर रहस्य, एकांत और प्राचीनता की एक अनकही कथा भी समेटे हुए है। यहां एक ऐसा स्थल है, जहां जंगलों के बीच चट्टानों पर उकेरी गई लगभग एक करोड़ से बस एक कम मूर्तियों का अस्तित्व है यह स्थान न केवल स्थापत्य कौशल का शानदार उदाहरण है, बल्कि यह दर्शाता है कि भारत की सांस्कृतिक गहराई कितनी विशाल और रहस्यमयी है। ऐसे में आइए जानते हैं पूर्वोत्तर भारत की इस दिलचस्प जगह के बारे में।

उनाकोटी कहां है? (फोटो: iStock)
पहाडों की गोद में बसा उनाकोटी
पूर्वोत्तर भारत के त्रिपुरा राज्य में रघुनंदन पहाड़ियों की गोद में बसा 'उनाकोटी' एक प्राचीन और रहस्यमय धरोहर स्थल है। संस्कृत में 'उनाकोटी' का अर्थ होता है "एक करोड़ से एक कम", और ऐसा माना जाता है कि इस स्थान पर चट्टानों को काटकर लगभग इतनी ही संख्या में मूर्तियां और आकृतियां उकेरी गई हैं। यह स्थल शैव परंपरा से जुड़ा हुआ है और इसके अस्तित्व के प्रमाण कम से कम 7वीं शताब्दी तक के मिलते हैं। संभावना यह भी है कि यह समय इससे भी अधिक प्राचीन हो सकता है। उनाकोटी की पहाड़ियां भारत में सबसे बड़ी उभरी हुई चट्टानी नक्काशीदार संरचनाओं में गिनी जाती हैं। यहां की विशाल मूर्तियां सीधे पहाड़ी ढलानों पर उकेरी गई हैं, जो इस क्षेत्र की अद्वितीय शिल्पकला का प्रमाण देती हैं। ये आकृतियां उथली (हल्के उभार वाली) नक्काशी की तकनीक से बनाई गई हैं, जिसमें चित्रों को गहराई में नहीं, बल्कि सतही रूप से उकेरा गया है। यह शैली इसे अन्य मूर्तिकला स्थलों से अलग बनाती है।
उनाकोटी की मूर्तिकला की श्रेणियां
उनाकोटी की मूर्तिकला दो प्रमुख श्रेणियों में विभाजित है एक, जो सीधे चट्टानों पर उकेरी गई हैं और दूसरी, जो अलग से पत्थर से गढ़ी गई मूर्तियां हैं। इस स्थल की सबसे भव्य और प्रसिद्ध कृति है ‘उनाकोटिश्वर काल भैरव’, जो भगवान शिव के मुखाकृति को दर्शाती है। यह मूर्ति लगभग 30 फीट ऊंची है, और इसकी अत्यंत विस्तृत शिरोभूषा (मुकुटनुमा सजावट) स्वयं में लगभग 10 फीट से भी अधिक ऊंचाई लिए हुए है। इसकी महीन नक्काशी और कलात्मकता इसे विशेष बनाती है। एक अन्य प्रमुख आकर्षण है विशाल गणेश प्रतिमा, जो अपने अनुपम स्वरूप और आकार से दर्शकों को प्रभावित करती है। भगवान शिव की इस विशालकाय मूर्ति के दोनों ओर दो देवियों की आकृतियां उकेरी गई हैं। एक में देवी दुर्गा अपने वाहन सिंह (शेर) पर खड़ी हैं, जबकि दूसरी मूर्ति को देवी गंगा से जोड़ा जाता है, हालांकि इसकी पहचान पर विद्वानों में मतभेद भी हैं। यहां स्थित तीन विशाल नंदी बैलों की आकृतियां, जो आंशिक रूप से धरती में धंसी हुई प्रतीत होती हैं, स्थल को और भी रहस्यपूर्ण बनाती हैं। उनाकोटी की कलाकृतियां एक अनोखे मिश्रण का उदाहरण हैं, जहां शास्त्रीय भारतीय मूर्तिकला और आदिवासी लोक कला की छवियां एक साथ समाहित होती हैं। यह मिश्रित शैली यह संकेत देती है कि इन कृतियों का निर्माण एक ही कालखंड में नहीं, बल्कि कई सदियों की कलात्मक यात्रा का परिणाम है।

उनाकोटि का निर्माण किसने किया था? (फोटो: iStock)
कथाओं और रहस्यों में छिपी उनाकोटी की कथा
उनाकोटी धरोहर स्थल का इतिहास रहस्यों, लोककथाओं और किंवदंतियों के बीच छिपा हुआ है। इस स्थान की वास्तविक उत्पत्ति और निर्माण की तारीख को लेकर आज भी इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के बीच मतभेद बना हुआ है। यद्यपि इस क्षेत्र से जुड़े कुछ पुरातात्विक प्रमाण उपलब्ध हैं, फिर भी उनाकोटी की कहानी को प्रमुख रूप से लोक विश्वास और पौराणिक कथाएं ही परिभाषित करती हैं। एक लोकप्रिय मान्यता के अनुसार, एक समय भगवान शिव अपने साथ 99,99,999 देवी-देवताओं के समूह के साथ काशी की यात्रा पर निकले थे। रास्ते में उन्होंने रघुनंदन पहाड़ियों पर रात बिताने का निश्चय किया। भगवान शिव ने अपने साथियों को आदेश दिया कि वे सूर्योदय से पूर्व उठ जाएं, लेकिन अगली सुबह केवल स्वयं शिव ही जागे। अन्य सभी देवता अब भी निद्रा में थे। इस पर क्रोधित होकर शिव ने उन्हें पत्थर का रूप दे दिया और इसी के परिणामस्वरूप यहां एक करोड़ से एक कम मूर्तियां बनीं और तभी से यह स्थान ‘उनाकोटी’ कहलाया।
कौन था कल्लू कुम्हार जिसने रचा उनाकोटी का संसार
एक अन्य किंवदंती में कल्लू कुम्हार, एक स्थानीय मूर्तिकार और देवी पार्वती के अनन्य भक्त, का उल्लेख आता है। इस कथा के दो प्रमुख रूप हैं। पहले संस्करण में कहा जाता है कि जब भगवान शिव और माता पार्वती इस क्षेत्र से गुजर रहे थे तो कल्लू ने उनसे अनुरोध किया कि वह भी उनके साथ कैलाश पर्वत जाना चाहता है। मां पार्वती ने उसकी परीक्षा लेने के लिए उसे एक ही रात में एक एक करोड़ देवताओं की मूर्तियां गढ़ने का कार्य सौंपा। कल्लू ने मेहनत से काम किया लेकिन अंततः एक मूर्ति कम रह गई, जिससे वह उनके साथ कैलाश नहीं जा सका। दूसरे संस्करण में, कल्लू कुम्हार को एक स्वप्न में देवताओं की मूर्तियां बनाने का आदेश मिला। जब वह कार्य पूरा होने को आया तो अहंकार वश उसने अंतिम मूर्ति में अपनी ही छवि उकेर दी। देवता इससे अप्रसन्न हुए और कल्लू की वह मूर्ति नष्ट कर दी, जिससे कुल मूर्तियों की संख्या एक करोड़ से एक कम ही रह गई। इन कथाओं से यह स्पष्ट होता है कि उनाकोटी केवल एक स्थापत्य चमत्कार नहीं, बल्कि सदियों पुरानी आस्था, लोक विश्वास और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रतीक भी है।

विश्व धरोहर स्थल के रूप में उनाकोटि (फोटो: iStock)
विश्व धरोहर स्थल के रूप में विख्यात है उनाकोटी
उनाकोटी न केवल एक धार्मिक तीर्थ है बल्कि एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी बन चुका है। इसे अक्सर "लॉस्ट हिल ऑफ फेसेज" यानी चेहरों का खोया हुआ पहाड़ भी कहा जाता है, क्योंकि यहां चट्टानों पर उकेरे गए अनगिनत चेहरों की आकृतियां पाई जाती हैं। यहां हर वर्ष मकर संक्रांति (जनवरी) और अशोकाष्टमी मेला (अप्रैल) जैसे उत्सव बड़ी श्रद्धा और उत्साह से मनाए जाते हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने उनाकोटी को राष्ट्रीय धरोहर स्थल के रूप में मान्यता दी है और इसे विश्व धरोहर स्थल (UNESCO World Heritage Site) का दर्जा मिलने की भी प्रबल संभावना है। आज भी उनाकोटी भारत की उन विरासतों में शामिल है, जो अद्वितीय होते हुए भी अपेक्षाकृत अनदेखी और विस्मृत रही हैं, लेकिन इसका महत्व समय के साथ और भी अधिक गहराता जा रहा है।
