Jabalpur Road Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरेला थाना इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों के समूह को रौंद दिया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, ये मजदूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रिल पेंट करने और डिवाइडर की रेलिंग लगाने का कार्य कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि, दोपहर के भोजन के लिए सभी मजदूर रुके हुए थे, तभी लगभग 2 बजे अचानक एक कार तेज गति में आई और बिना रफ्तार कम किए मजदूरों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। ऐसे में, हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कार की तलाश की जा रही है।
13 लोग घायल
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान चैनवती बाई (40 वर्ष) और लच्छो बाई (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मंडला जिले के बिजादंडी थाना अंतर्गत बिहारिया गांव की रहने वाली थीं और रोजगार के लिए जबलपुर इलाके में मजदूरी कर रही थीं। पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिला मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में कुल 13 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कुछ को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी घायलों का इलाज अभी जारी है। पुलिस के अनुसार, मजदूर काम निपटाने के बाद सड़क किनारे बैठकर दोपहर का भोजन कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
शोक और आक्रोश का माहौल
सभी पीड़ित मुख्य रूप से मंडला जिले के रहने वाले हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार कार और आरोपी की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह आगे आकर सहयोग करें।
(इनपुट - आईएएनएस)
