शहर

चंडीगढ़ प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड : चरणप्रीत हत्याकांड के 2 शूटर्स पुलिस मुठभेड़ में घायल, गैंगस्टर लकी पटियाल ने ली जिम्मेदारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 18 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की सनसनीखेज हत्या में शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान, आरोपियों ने पुलिस टीमों पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में, दोनों आरोपियों को चोटें आईं और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

Image

चंडीगढ़ प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड : चरणप्रीत हत्याकांड के 2 शूटर्स पुलिस मुठभेड़ में घायल, गैंगस्टर लकी पटियाल ने ली जिम्मेदारी

चंडीगढ़ : सेक्टर 9 में बुधवार को दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर चरणप्रीत हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। हरियाणा और पंजाब पुलिस ने आरोपियों को कैथल के चौशाला से एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मोहाली के रास्ते हरियाणा पहुंच गए थे, जिसके बाद पंजाब और हरियाणा पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में एक्शन लेते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में पहले से वांछित थे हत्यारे

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब ने स्पेशल टास्क फोर्स, हरियाणा (करनाल यूनिट) के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन में, बंबीहा गैंग के फरार गैंगस्टर लकी पटियाल के दो साथियों राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम शाह को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी 18 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की सनसनीखेज हत्या में शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीमों पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों को चोटें आईं और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच से पता चला है कि राजन उर्फ पीयूष पहलवान, जीवनजोत सिंह उर्फ जुगनू के ड्राइवर यादविंदर सिंह की हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले में भी वांछित था।

AGTF पंजाब ने पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए 30 घंटे से भी कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 3 हथियार (PX 5 .30 कैलिबर पिस्टल, .30 कैलिबर चीनी पिस्टल, .32 कैलिबर पिस्टल) और अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में गिरफ्तार राजन उर्फ पीयूष पहलवान फिरोजपुर का रहने वाला है, जो कुछ समय पहले मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत आया था। दूसरा आरोपी प्रीतम शाह नवांशहर का रहने वाला है। दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गैंगस्टर लकी पटियाल ने हत्या की ली जिम्मेदारी

वहीं इस हत्याकांड को लेकर गैंगस्टर लकी पटियाल ने एक ऑडियो जारी किया था, जिसमें उसने कहा कि ये जो हमने कल चिन्नी को मारा है, वो हमारे विरोधी गैंग के साथ मिला हुआ था, इसलिए हमने इसे मारा है। अब कई लोगों को मिर्ची लग रही है वे कह रहे हैं कि हमने उसे नाजायज मारा है, उनका भी जल्द ही नंबर लगेगा। अगर आपको ज़्यादा दुख लग रहा है तो कोई बात नहीं जुगनू मुझसे पहले बच गया और मानकीरत औलख जो अब अपने गनमैनों के पीछे छिप रहा है, लेकिन ये मत सोचना कि गनमैन रखकर बच जाएगा। जुगनू तुझे और मनकीरत औलख को इकट्ठा ही मारूंगा।

वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में प्रॉपर्टी डीलर चरनप्रीत सिंह नागरा उर्फ चिन्नी कुब्बाहेडी हत्या मामले में पुलिस ने सेक्टर 3 पुलिस एफआईआर दर्ज की है। लेकिन पुलिस कार्रवाई से परिजन संतुष्ट नजर नहीं है। कुब्बाहेडी गांव के सरपंच बलविंदर सिंह ने सेक्टर 3 में पुलिस से मुलाकात के बाद कहा कि अभी तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे वह असंतुष्ट है, जब तक कोई ठोस एक्शन नहीं होता तब तक वह संस्कार नहीं करेंगे। हालांकि अब पंजाब और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article