शहर

सहारनपुर में ट्रक ने नव दंपति को उड़ाया, पत्नी की कुचलकर मौत; पति घायल

Saharanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक ट्रक से कुचलकर एक नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति बुरी तरह घायल है।

Image

सहारनपुर में सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

सहारनपुर: जिले के नागल थाना इलाके में ट्रक से कुचलकर एक नवविवाहिता की मौत हो गयी और उसका पति घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने पीटीआई-भाषा को बताया कि थाना चिलकाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर निवासी अक्षय (25) अपनी नवविवाहिता पत्नी प्रीति (23) के साथ मंगलवार रात बाइक से अपनी ससुराल ग्राम धर्मपुर सरावगी आ रहा था, तभी राजमार्ग पर भरतपुर गेट के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

जैन ने बताया कि इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी प्रीति उछलकर सड़क पर जा गिरी और ट्रक के पहिये तले कुचल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। अक्षय भी हादसे में घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची और प्रीति के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा।

उन्‍होंने बताया कि अक्षय को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अक्षय और प्रीति का विवाह गत नवम्बर माह में ही हुआ था। जैन ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश कर रही है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article