शहर

मुंबई में बड़ा हादसा, बच्चों से भरी स्कूल बस पर अचानक गिरा पेड़; एक मासूम की मौत, 4 घायल

मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच चेंबूर इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां स्कूल बस पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए।

Image

मुंबई में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से हुआ बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai News: मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार दोपहर चेंबूर इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया। रोड नंबर 11 पर स्थित एक स्कूल की बस पर सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त बस में कई छात्र मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी के संबंधित वार्ड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।

1 छात्र की मौत, 4 घायल

राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और बस में फंसे सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस ने जानकारी के देते हुए बताया कि इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए। घायलों को तुरंत चेंबूर स्थित जेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई।

ठाणे में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति घायल

वहीं ठाणे में भी एक बड़ा पेड़ गिर जाने से 52 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गए और 10 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नगर निकाय के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना वागले एस्टेट इलाके में सुबह करीब पौने नौ बजे हुई। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि पीड़ित पवन झा पैदल अपने कार्यालय जा रहे थे, तभी उन पर पेड़ गिर गया। इस हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं।

10 वाहन हुए क्षतिग्रस्त

क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख ने आगे बताया कि घायल व्यक्ति का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस घटना में सड़क किनारे खड़े कम से कम 10 वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद सड़क से मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके से दूर करने के लिए वागले पुलिस थाने के कर्मियों, नगर निकाय के वृक्ष प्राधिकरण विभाग और आरडीएमसी की टीम को काम पर लगाया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article