Train Derail: पश्चिम बंगाल के लिलुआ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक लोकल ट्रेन बेपटरी हो गई। इसके बाद ट्रेन में अफरा तफरी मच गई। गनीमत रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, हावड़ा बर्धमान मेन शाखा पर ट्रेन बेपटरी होने से डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है, जिसके बाद ट्रेन को पटरी पर लाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।
शेवड़ाफूली से हावड़ा जा रही थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन शेवड़ाफूली से हावड़ा जा रही थी। लिलुआ स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन बेपटरी हो गई। बताया गया कि इस घटना में ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी
वहीं, इस घटना की खबर मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रेन को पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया। इधर, दुर्घटना राहत ट्रेन भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल ये हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
बेपटरी होने के बाद घिसटती रही ट्रेन
बता दें कि हादसे के बाद ट्रेन कुछ दूरी तक घिसटती रही, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया। बताया जा रहा है कि जो डिब्बे पटरी से उतरे थे, उसमें एक यात्री सवार था। हालांकि, अन्य डिब्बों में कितने यात्री सवार थे, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
