शहर

दिल्ली NCR में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; जानें IMD का पूर्वानुमान

दिल्ली एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और कई इलाकों में बारिश की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Image

दिल्ली एनसीआर में बारिश का अलर्ट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi NCR Rain Alert: दिल्ली एनसीआर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, एनसीआर के पश्चिमी हिस्सों में गरज वाले बादलों का निर्माण देखा गया है, जिसके असर से मंगलवार रात को दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में करीब 30 से 50 प्रतिशत इलाकों में मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

वहीं गुरुग्राम के लगभग 20 से 30 प्रतिशत क्षेत्रों में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। वेदर अपडेट के अनुसार, इस दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि, उत्तर राजस्थान और पश्चिम हरियाणा में भी बादलों का विकास हो रहा है, जो देर रात तक पूर्व दिशा की ओर बढ़ सकता है। आने वाले घंटों में एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के लिए और अपडेट जारी किए जाएंगे।

दिल्ली एनसीआर में आज और कल का मौसम

दिल्ली एनसीआर में आज 28 और कल 29 अप्रैल को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति और अधिक बढ़ सकती है। 28 और 29 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली क्षेत्र में गरज के साथ तेज आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की गई है, जिसमें हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ यह 70 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

क्या है मौसम का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग का कहना है कि, 28 अप्रैल को मध्य भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ने और उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है, हालांकि बाद में इसमें कमी आ सकती है। वहीं, पूरे सप्ताह उत्तर-पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (लगभग 40–60 किमी प्रति घंटा) चलने और कई इलाकों में व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर-पूर्वी राज्यों के कुछ स्थानों पर सप्ताह के दौरान एक-दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article