कोलकाता : कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में रविवार को दो छात्र गुटों के बीच झड़प के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। छात्रों के मुताबिक, संस्थान के मुख्य हॉल में एक कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक टिप्पणियों और कथित तौर पर उकसाने वाले भाषणों को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और मामला झड़प तक पहुंच गया।
आपत्तिजनक टिप्पणियों से बढ़ा विवाद
छात्रों के मुताबिक, संस्थान में रविवार को ‘अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत’ नाम के संगठन की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने आक्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद परिसर में तनाव बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान कुछ प्रोफेसरों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। छात्रों का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल परिसर में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है। घटना को लेकर संस्थान की ओर से तत्काल विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। झड़प की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से भी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
