शहर

Delhi News: मुनक नहर पर बना दिल्ली का सबसे लंबा छठ घाट, आज नितिन नवीन करेंगे उद्घाटन

दिल्ली की मुनक नहर के दोनों किनारों पर करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार किया गया है। आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसका उद्घाटन करेंगे।

Image

दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट की सौगात (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi Chhath Puja Ghat: दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियों के बीच मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार किया गया है। इसे राजधानी का सबसे लंबा छठ घाट बताया जा रहा है। आज इस भव्य घाट को श्रद्धालुओं को समर्पित किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसका उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

1,400 ट्रक कचरा और मलबा हटाया गया

यह छठ घाट मुनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित किया गया है। इस साल पूरे 11 किलोमीटर के हिस्से में छठ पूजा के लिए व्यवस्था की गई है। दिल्ली सरकार के मुताबिक, पहले मुनक नहर का यह इलाका कचरे, निर्माण मलबे और झाड़ियों से घिरा हुआ था। करीब 1,400 ट्रक कचरा और मलबा हटाकर इसका कायाकल्प किया गया। दोनों किनारों से अतिक्रमण भी हटाए गए। अब यहां पक्की सीढ़ियां और सीमेंटेड सड़कें बनाई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा और अर्घ्य देने में सुविधा हो। आज दोपहर में शालीमार बाग के सिंगलपुर गांव के पास लेबर चौक पर इसका उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होगा।

जानकारी के अनुसार, घाट पर चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। नहर में साफ पानी के प्रवाह के साथ-साथ कई जगहों पर फव्वारे, बैठने के लिए बेंच और हरियाली (लैंडस्केपिंग) विकसित की जा रही है। नहर के दोनों किनारों के बीच आवाजाही आसान बनाने के लिए तीन पुल भी बनाए जा रहे हैं। पुलों और हरियाली से जुड़े बाकी काम अगले दो से तीन महीने में पूरे करने का लक्ष्य है।

पांच विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को होगा फायदा

इस परियोजना से शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर और बादली विधानसभा क्षेत्रों के हजारों परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर का कायाकल्प पूर्वांचल के लाखों लोगों की आस्था, परंपराओं और भावनाओं के सम्मान का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के बाद भी नहर के आसपास के क्षेत्र को हरियाली और बेहतर सुविधाओं के साथ सार्वजनिक मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article