AAP Sarpanch Ashwani Devgan: पंजाब के तरनतारन जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े सरपंच अश्वनी देवगन की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। पट्टी हलके के तूत बस स्टैंड के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अश्वनी देवगन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, अश्वनी देवगन तूत बस स्टैंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सरपंच को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक विवाद या कोई अन्य वजह थी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस की ओर से मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
इस वारदात को ऐसे समय में हुई है जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। आम आदमी पार्टी राज्य में सत्ता में है और आगामी चुनाव में दोबारा सरकार बनाने की तैयारी कर रही है। ऐसे में पार्टी से जुड़े स्थानीय जनप्रतिनिधि की हत्या ने राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
