शहर

रतलाम में बंदूक की दुकान में धमाका; वेल्डिंग के दौरान भड़की आग, मालिक समेत 4 लोग झुलसे

मध्य प्रदेश के रतलाम में सोमवार को एक बंदूक की दुकान में हुए संदिग्ध विस्फोट ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। वेल्डिंग के दौरान लगी आग में दुकान मालिक और एक ग्राहक समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना सर्राफा बाजार के पास लक्कड़ पीठा क्षेत्र में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

Image

रतलाम में बंदूक की दुकान में धमाके से लगी आग (प्रतीकात्मक फोटो)

Ratlam Gun Shop Fire: मध्य प्रदेश के रतलाम में सोमवार को एक बंदूक की दुकान में वेल्डिंग कार्य के दौरान हुए संदिग्ध विस्फोट के बाद आग लग गई। इस हादसे में दुकान के एक मालिक और एक ग्राहक सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है। यह घटना शहर के सर्राफा बाजार के पास स्थित लक्कड़ पीठा क्षेत्र की दुकान में हुई।

धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि दो झुलसे हुए लोग घबराहट की हालत में दुकान से बाहर निकलकर सड़क पर भागते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की पहचान बंदूक दुकान के मालिक यूसुफ अली (58), नाजिम हुसैन (32), शेख रफीकुद्दीन (35) और संदीप पाटीदार (35) के रूप में हुई है। सभी घायलों को पहले रतलाम के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बंदूकों की दुकान में आग्नेयास्त्रों की मरम्मत के दौरान हुए विस्फोट के कारण आग लगी। उस समय दुकान में कथित तौर पर वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि एहतियातन दुकान को सील कर दिया गया है और इसके लाइसेंस की वैधता की जांच की जा रही है। साथ ही दुकान में मौजूद सभी बंदूकों को पंचनामा तैयार कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

कारतूस खरीदने दुकान पर गया था ग्राहक

सुरक्षा के मद्देनजर दुकान के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि जांच के दौरान दुकान से वेल्डिंग में इस्तेमाल होने वाली कुछ रॉड बरामद की गई हैं। इस हादसे में झुलसे संदीप पाटीदार के चाचा जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि उनका भतीजा अपनी लाइसेंसी बंदूक के लिए कारतूस खरीदने दुकान पर गया था। उनके अनुसार, संदीप ने बताया कि जैसे ही दुकान के शटर पर वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक धमाका हुआ और आग भड़क उठी।

हादसे की जांच जारी

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने जानकारी दी कि घटनास्थल से कारतूसों के कुछ खाली खोखे भी मिले हैं। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article